भीलवाड़ा जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मंगरोप थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) ने संयुक्त रूप से एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने नेशनल हाईवे-48 पर घेराबंदी कर पंजाब नंबर की एक ब्रेजा कार से 3 किलो 100 ग्राम अवैध अफीम जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।

आधी रात को नाकाबंदी तोड़ भागने का प्रयास

घटना गुरुवार तड़के करीब 2.25 बजे की है जब डीएसटी के कांस्टेबल रमेश कुमार को सूचना मिली कि चित्तौड़गढ़ की ओर से एक सिल्वर कलर की ब्रेजा कार संदिग्ध माल लेकर भीलवाड़ा की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही मंगरोप थानाधिकारी विजय मीणा ने मय जाब्ता गुवारडी नाला के पास नाकाबंदी शुरू की। जैसे ही संदिग्ध कार आती दिखी, पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया लेकिन तस्करों ने रुकने के बजाय गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और नाकाबंदी तोड़कर सर्विस रोड पर भागने लगे। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए गाड़ी का पीछा किया और मंडपिया स्टेशन अंडरब्रिज के पास घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया।

पंजाब के दो तस्कर गिरफ्तार, कार में छिपा रखी थी अफीम

पुलिस ने जब कार की तलाशी ली, तो उसमें से तीन पारदर्शी प्लास्टिक थैलियों में भरी 3 किलो 100 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने मौके से कार को जब्त कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों में हरपेन्द्र सिंह (42) पुत्र रघुवीर सिंह, निवासी रायकोट, जिला लुधियाना (पंजाब) और हरमनजोत (20) पुत्र स्व. दलजीत सिंह, निवासी कुतवा, जिला बरनाला (पंजाब) शामिल हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह खेप कहाँ से लाई गई थी और पंजाब में किसे सप्लाई की जानी थी।

इस सफल कार्रवाई में इनकी रही विशेष भूमिका

इस सफल कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी कन्हैया लाल, मंगरोप थानाधिकारी विजय मीणा, सहायक उप निरीक्षक नारायण लाल, कांस्टेबल राकेश, धोलाराम और भगवान लाल शामिल रहे।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story