भीलवाड़ा में 105 ग्राम अवैध अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार, बुलेट मोटरसाइकिल जब्त, गंगापुर पुलिस की कार्रवाई
भीलवाड़ा के गंगापुर थाना क्षेत्र में पुलिस ने 105 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार कर बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की। मामले की जांच जारी है।

भीलवाड़ा जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गंगापुर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बुलेट मोटरसाइकिल पर अवैध अफीम का परिवहन कर रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 105 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद कर वाहन भी जब्त कर लिया है।
थानाधिकारी राजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने 1 अगस्त 2026 को मिली गुप्त सूचना के आधार पर रायपुर रोड गंगापुर से डेलाना जाने वाले मार्ग पर नाकाबंदी की। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध स्थिति में बुलेट मोटरसाइकिल पर आते हुए एक व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 105 ग्राम अवैध मादक पदार्थ अफीम बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान श्याम लाल बंजारा (33) पुत्र किशन लाल बंजारा निवासी बंजारा बस्ती रतनपुरा (सालेरा), थाना गंगापुर के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बरामद अवैध अफीम और परिवहन में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है। गंगापुर थाना पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जिले में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चल रहे विशेष अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई को पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
