भीलवाड़ा: ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 6 आरोपी गिरफ्तार
भीमगंज पुलिस ने नेहरू विहार में दबिश देकर 49 मोबाइल और लैपटॉप जब्त किए, ऑस्ट्रेलिया-पाकिस्तान मैच पर लग रहा था दांव।
भीलवाड़ा। शहर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे का बड़ा रैकेट उजागर हुआ है। भीमगंज थाना क्षेत्र के नेहरू विहार में संचालित एक संगठित सट्टा अड्डे पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए 06 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
बरामदगी और पुलिस कार्रवाई
- मौके से 49 एंड्रॉयड मोबाइल, 03 लैपटॉप और 02 टैबलेट जब्त किए गए।
- सट्टे में प्रयुक्त एसेसरिज तथा करोड़ों रुपये के लेन-देन का हिसाब बरामद किया गया है।
- पुलिस के अनुसार 29 जनवरी को की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक मकान में दबिश दी।
वहां तीन कमरों में बड़े स्तर पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा था। कमरों में रखी बड़ी टेबलों पर लैपटॉप व बिजली से जुड़े दर्जनों मोबाइल चल रहे थे, जिन पर आरोपी लगातार सट्टा भाव बता रहे थे और दांव लगवा रहे थे। पुलिस को देखकर आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन घेराबंदी कर सभी को दबोच लिया गया।
अपराध का तरीका और मैच का विवरण
"पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ऑस्ट्रेलिया-पाकिस्तान क्रिकेट मैच पर ऑनलाइन सट्टे की खाईवाली कर रहे थे।"
इलेक्ट्रॉनिक संचार माध्यमों का दुरुपयोग कर आम लोगों को सट्टे के भाव बताकर दांव लगवाया जा रहा था, जिससे एक पक्ष को अवैध लाभ और दूसरे को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा था। सट्टा संचालन में अन्य लोगों की सिम व मोबाइल का भी इस्तेमाल किया जा रहा था, जिससे यह एक संगठित अपराध साबित हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- गोविन्द (42) पुत्र पुरुषोत्तम तेजवानी, निवासी: सुभाषनगर
- चन्दन (25) पुत्र जगदीश फतनानी, निवासी: शास्त्रीनगर
- तरूण (27) पुत्र नरेश कुमार करनानी, निवासी: शास्त्रीनगर
- मूलचन्द (40) पुत्र गोविन्दराम, निवासी: शास्त्रीनगर
- आरिफ अंसारी (44) पुत्र मोहम्मद असलम, निवासी: मोमीन मोहल्ला (थाना भीमगंज)
- कमलेश (31) पुत्र धर्मराज कलवानी, निवासी: नाथद्वारा सराय
जांच और आगामी प्रक्रिया
भीमगंज पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर गहन अनुसंधान प्रारंभ किया है। पुलिस अब सट्टा नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ऑनलाइन लेन-देन की कड़ियों की भी जांच कर रही है।

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
