भीलवाड़ा जिले के पुर थाना क्षेत्र के बजरंगपुरा इलाके में गुरुवार सुबह शौच के लिए घर से बाहर गई 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर अज्ञात बदमाश ने चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने चाकू की नोंक पर महिला के गले से करीब डेढ़ तोला सोने का मांदलिया लूट लिया। विरोध के दौरान चाकू लगने से महिला के होंठ पर गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है।

मंडी के बालाजी के पास रहने वाली बापू बाई के बेटे छोटू लाल रेगर ने बताया कि उनकी 72 वर्षीय मां गुरुवार सुबह करीब 5 बजे के बाद शौच के लिए घर से बाहर गई थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा और अचानक उन पर हमला कर दिया। आरोपी ने चाकू दिखाकर उनके गले में पहना करीब डेढ़ तोला सोने का मांदलिया छीन लिया। छीनाझपटी के दौरान चाकू लगने से बापू बाई के होंठ पर चोट आई और वह घायल हो गईं।

वारदात की सूचना फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में गांव की महिलाएं और ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुर थाना प्रभारी कन्हैयालाल पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल बुजुर्ग महिला और उनके परिजनों से घटना की पूरी जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों का गठन कर दिया गया है और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश तेज कर दी गई है।

पुर थाना क्षेत्र में महज 10 दिन के भीतर इस तरह की यह दूसरी सनसनीखेज लूट की वारदात है। इससे पहले भी एक महिला पर चाकू से हमला कर जेवरात लूट लिए गए थे। पूर्व की घटना के आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने दो दिन पहले ही थाने पर प्रदर्शन किया था। लगातार सामने आ रही ऐसी वारदातों और पुलिस की लचर कार्यशैली को लेकर स्थानीय निवासियों और ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के खिलाफ गहरा आक्रोश है।

इसी बीच, भीलवाड़ा जिले के हमीरगढ़ थाना क्षेत्र में बनास नदी में अवैध बजरी खनन के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बाराठिया गांव के पास बनास नदी के पेटे में पुलिस ने गुप्त सूचना और सुनियोजित रणनीति के तहत अचानक दबिश देकर अवैध बजरी खनन का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में इस्तेमाल हो रहे तीन डंपर, एक जेसीबी और बजरी भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली जब्त की गई। मौके से दो लोगों को डिटेन भी किया गया, जिनसे पूछताछ की जा रही है।

हमीरगढ़ थानाधिकारी सुनील बेड़ा ने बताया कि क्षेत्र में अवैध बजरी खनन की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद एक विशेष टीम गठित की गई। एएसआई हनुमान और हेड कांस्टेबल राहुल शर्मा के नेतृत्व में पुलिस बल ने पूरी गोपनीयता बरतते हुए घास-झाड़ियों और प्राकृतिक ओट का सहारा लिया और अवैध खनन के ठिकानों पर अचानक धावा बोला। पुलिस को अचानक सामने देखकर मौके पर मौजूद खननकर्ताओं और चालकों में भगदड़ मच गई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से अवैध खनन में संलिप्त भारी मशीनरी और वाहनों को कब्जे में ले लिया। जब्त वाहनों में तीन डंपर, एक जेसीबी और बजरी से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली शामिल है। साथ ही अवैध खनन में लगे दो लोगों को डिटेन किया गया है और उनसे पूछताछ जारी है।

पुलिस ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि बनास नदी का स्वरूप बिगाड़कर अवैध कमाई करने वाले और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी माफिया को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपियों से कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। इससे इस अवैध कारोबार के पीछे जुड़े अन्य बड़े चेहरों और नेटवर्क का खुलासा होने की पूरी संभावना है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य बजरी तस्करों में भी खौफ का माहौल बना हुआ है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story