भीलवाड़ा। शाहपुरा थाना क्षेत्र के रामपुरा (लुलांस) में एक 75 वर्षीय बुजुर्ग पर हुए बर्बर हमले और लूट के प्रयास की घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है। इस मामले में न्याय की आस लिए पीडि़त के बेटे कालू लाल तेली ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को ज्ञापन सौंपकर एफआईआर में गंभीर धाराएं जोडऩे और फरार अभियुक्त की अविलम्ब गिरफ्तारी की गुहार लगाई है।

घटनाक्रम के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 की दरमियानी रात पीडि़त नन्दा तेली और उनका बेटा प्रभूलाल अपने-अपने खेतों की रखवाली के लिए सो रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान प्रभू जाट नामक व्यक्ति हाथों में लठ और धारदार हथियार लेकर अनाधिकृत रूप से खेत में घुस आया। अभियुक्त ने बुजुर्ग नन्दा तेली के हाथों में पहने चांदी के कड़े लूटने की नियत से उन पर प्राणघातक हमला बोल दिया। हमले की चीख-पुकार सुनकर पास ही सो रहा प्रभूलाल मौके पर पहुंचा, जिसे देख अभियुक्त अंधेरे का फायदा उठाकर वहां से भाग निकला।

इस जानलेवा हमले में बुजुर्ग नन्दा तेली की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है। उनके सिर पर गंभीर चोट आने के कारण 16 टांके आए हैं, हाथ फ्रैक्चर हो गया है और चेहरे पर वार होने से दो दांत टूट गए हैं। वर्तमान में उन्हें भीलवाड़ा के एक निजी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती कराया गया है, जहां वे जीवन और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं।

पीडि़त परिवार ने स्थानीय शाहपुरा पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। परिवादी कालू लाल तेली का आरोप है कि पुलिस ने उस समय बयान दर्ज किए जब उसके पिता बोलने की स्थिति में नहीं थे, जिसके चलते एफआईआर संख्या 105/2026 में केवल साधारण धाराएं 115(2) व 126(2) BNS ही लगाई गई हैं। कालू ने एसपी को सौंपे ज्ञापन में मांग की है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए इसमें हत्या के प्रयास और लूट की धाराएं जोड़ी जाएं। साथ ही, पिता की स्थिति में सुधार होने पर उनके बयान पुनः दर्ज किए जाएं और आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। यह मामला अब पुलिस प्रशासन के लिए निष्पक्ष जांच और कानून व्यवस्था की साख का सवाल बन गया है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story