भीलवाड़ा जिले में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई घटनाओं ने सुरक्षा और सतर्कता से जुड़े गंभीर सवाल खड़े किए हैं। खेतों में कृषि कार्य के दौरान जहरीले जंतु के काटने, अचानक तबीयत बिगड़ने और कीटनाशक के जहरीले प्रभाव से 12 वर्षीय बालिका, 45 वर्षीय किसान और 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई। वहीं भीमगंज थाना क्षेत्र में चोर टीनशेड के पेंच खोलकर गोदाम में घुसे और करीब 10 लाख रुपये कीमत का कॉपर वायर चुरा ले गए। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है।

करेड़ा थाना क्षेत्र में ज्ञानगढ़ निवासी प्रकाश रैगर की 12 वर्षीय पुत्री खुशी अपने परिजनों के साथ खेत पर गई थी। इसी दौरान उसे किसी जहरीले जंतु ने काट लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे करेड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

इसी थाना क्षेत्र के उदयरामजी का गुढ़ा, चिलेश्वर निवासी 45 वर्षीय उदयलाल भील खेत पर कृषि कार्य कर रहे थे। इस दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें भी करेड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। करेड़ा थाना प्रभारी मूलचंद वर्मा ने बताया कि दोनों मामलों में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। पुलिस मौत के असली कारणों की पड़ताल कर रही है।

जहाजपुर थाना इलाके में रैगर मोहल्ला निवासी 35 वर्षीय बीना देवी पत्नी नरेश रैगर अपने खेत पर फसल में कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रही थी। इसी दौरान कीटनाशक के जहरीले प्रभाव से उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। परिजन उसे तत्काल जहाजपुर अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उपचार के दौरान बीना देवी ने दम तोड़ दिया।

दीवान कमलेश कुमार ने बताया कि शनिवार को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया। मृतका अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गई है।

दूसरी ओर, भीमगंज थाना क्षेत्र के तिलकनगर में चोरों ने एक गोदाम को निशाना बनाकर करीब 10 लाख रुपये कीमत का कॉपर वायर चोरी कर लिया। प्रकाश इलेक्ट्रोनिक्स के संचालक कमल बहरवानी का तिलनगर रिंग रोड पर इलेक्ट्रिक सामान का गोदाम है। बीती रात अज्ञात चोर गोदाम की छत पर पहुंचे और टीनशेड के स्क्रू खोलकर चद्दर हटाई। इसके बाद गोदाम में प्रवेश कर बिजली फिटिंग में इस्तेमाल होने वाला महंगा कॉपर वायर समेटकर फरार हो गए।

चोरी का पता शनिवार सुबह चला, जब कमल बहरवानी गोदाम पहुंचे। अंदर सामान बिखरा हुआ था और छत का टीनशेड खुला मिला। इससे उन्हें चोरी का अंदेशा हुआ। उन्होंने भीमगंज पुलिस को रिपोर्ट दी। बहरवानी ने चोरी गए इलेक्ट्रिक वायर की कुल कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई है।

गोदाम परिसर में सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं, लेकिन चोर इस तरह से वारदात को अंजाम देकर निकल गए कि कैमरों के दायरे में कैद नहीं हो सके। सूचना मिलने पर भीमगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और सीसीटीवी फुटेज खंगाले, लेकिन फिलहाल कोई सुराग हाथ नहीं लगा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की सुरागरसी के प्रयास तेज कर दिए हैं।

इन अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत के मामलों में पुलिस मौत के कारणों की जांच कर रही है, जबकि गोदाम चोरी के मामले में करीब 10 लाख रुपये के कॉपर वायर की बरामदगी और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story