भीलवाड़ा में चार लोगों की दर्दनाक मौत, खेत में सांप के डसने से महिला की गई जान; पेड़ से गिरा ग्रामीण
भीलवाड़ा जिले में अलग-अलग हादसों में महिला सहित चार लोगों की मौत हो गई। खेत में सांप के डसने, जहरीले जंतु के काटने और पेड़ से गिरने के अलावा सड़क हादसे में मजदूर ने जान गंवाई, जबकि बाइक भिड़ंत में चार लोग घायल हुए।

भीलवाड़ा जिले में अलग-अलग हादसों ने चार परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया। कहीं खेत में गेहूं की पिलाई करते समय सांप के डसने से महिला की मौत हो गई तो कहीं खेत में काम करते समय जहरीले जंतु के काटने से एक ग्रामीण ने दम तोड़ दिया। बकरियों के लिए पेड़ पर चढ़कर टहनियां काट रहे व्यक्ति की संतुलन बिगड़ने से नीचे गिरकर मौत हो गई। वहीं, फैक्ट्री से रायला जा रहे मजदूर की वाहन की चपेट में आने से जान चली गई। इसके अलावा, शाहपुरा क्षेत्र में दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में चार लोग घायल हो गए।
कारोई थाना क्षेत्र के रामदेवनगर, भूणास निवासी सुमित्रा (37) पत्नी लादूलाल गाडरी शनिवार को अपने खेत में गेहूं की पिलाई कर रही थी। इसी दौरान सांप ने उसे डस लिया। सांप के काटने के बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सुमित्रा की मौत से परिवार में शोक छा गया।
इसी तरह जहाजपुर थाना क्षेत्र के सरसिया गांव में जहरीले जंतु के काटने से लक्ष्मणलाल पुत्र जालम मीणा की मौत हो गई। एएसआई दिलीप कुमार ने बताया कि लक्ष्मणलाल खेत में ग्वार के पूले एकत्रित कर रहा था। इसी दौरान किसी जहरीले जंतु ने उसे काट लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे बिजौलियां के निजी अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव को जहाजपुर लेकर पहुंचे। खेत में काम करते समय हुई इस घटना से परिवार सदमे में है।
करेड़ा थाना क्षेत्र के सूलिया गांव में शनिवार सुबह पेड़ से गिरने के कारण नारायण (48) पुत्र गंगा गुर्जर की मौत हो गई। नारायण बकरियों के लिए चारा जुटाने के उद्देश्य से पेड़ पर चढ़कर टहनियां काट रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर पड़ा। हादसे में गंभीर रूप से घायल नारायण को परिजन करेड़ा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, रायला थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में नागौर जिले के मोरियाना गांव निवासी ओमाराम पुत्र पांचाराम की जान चली गई। थाना प्रभारी घनश्याम सिंह मीणा ने बताया कि ओमाराम कंचन फैक्ट्री से रायला जा रहा था। इसी दौरान रायला पुलिया क्षेत्र में एक वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल ओमाराम को रायला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मजदूर की मौत की सूचना मिलने के बाद उसके परिवार में मातम छा गया।
इधर, शाहपुरा थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात अरनियाघोड़ा के पास दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। इस दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए। सहायक उप निरीक्षक मुकेश कुमार ने बताया कि घायलों में सांखलिया निवासी सुनील (25) पुत्र प्रहलाद गुर्जर, दिलखुश (20) पुत्र गोमा बैरवा तथा सरदारपुरा निवासी कालू (27) पुत्र भैरु भील और नानूराम (27) पुत्र रामलाल भील शामिल हैं। चारों घायलों को शाहपुरा अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया और मेडिकल करवाया गया।
जिले में अलग-अलग घटनाओं में जान गंवाने वाले चारों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए। एक ओर खेतों में काम करते समय हुए हादसों ने दो परिवारों को प्रभावित किया, वहीं पेड़ से गिरने और सड़क दुर्घटना में हुई मौतों से भी परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। चार लोगों की मौत और दो बाइकों की भिड़ंत में चार लोगों के घायल होने की घटनाओं ने भीलवाड़ा जिले में एक ही दिन में कई परिवारों को प्रभावित किया।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
