भीलवाड़ा नवीन न्यायालय परिसर का भूमि पूजन और अभिभाषक संस्था का शपथ ग्रहण कल
मुख्य न्यायाधिपति और उप मुख्यमंत्री की मौजूदगी में सांगानेर तस्वारिया की 62 बीघा भूमि पर नए कोर्ट परिसर का शिलान्यास और नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण होगा।

भीलवाड़ा, 04 अप्रैल। जिला मुख्यालय पर जिला न्यायालय के लिए सरकार द्वारा आवंटित 62 बीघा भूमि के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल के रूप में भूमि पूजन कार्यक्रम एवं जिला अभिभाषक संस्था, भीलवाड़ा की वर्ष 2026 की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह 5 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:15 बजे नव आवंटित भूमि, सांगानेर तस्वारिया में आयोजित किया जाएगा।
मुख्य न्यायाधिपति व उप मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में माननीय मुख्य न्यायाधिपति श्री संजीव कुमार शर्मा, राजस्थान सरकार की उप मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री दिया कुमारी, न्यायाधिपति डॉ. श्री पुष्पेंद्र सिंह भाटी, न्यायाधिपति श्री विनीत माथुर, न्यायाधिपति श्री फरजन्द अली, न्यायाधिपति श्री प्रवीर भटनागर एवं जिला एवं सैशन न्यायाधीश अभय जैन एवं जिले के समस्त न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट व समेत प्रशासनिक अधिकारी शामिल होंगे।
भूमि पूजन एवं नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण
सर्वप्रथम नव आवंटित भूमि का भूमि पूजन उनके पश्चात जिला अभिभाषक संस्था भीलवाड़ा की 2026 की नव निर्वाचित कार्यकारिणी अध्यक्ष उम्मेदसिंह राठौड़, उपाध्यक्ष महिपाल सिंह राणावत, महासचिव पंकज दाधीच, रेवेन्यू महासचिव मनोहर लाल बुनकर, कोषाध्यक्ष रवि गोरानी, सह सहसचिव आदित्य सिंह चौहान, पुस्तकालय सचिव प्रताप तेली को अतिथियों द्वारा शपथ दिलाई जाएगी। वर्तमान कार्यकारिणी द्वारा पंकज पंचोली, राघवेंद्र नाथ व्यास, ओम प्रकाश तेली, वंदना आमेटा, पीरू सिंह गौड़, आनंद शर्मा को मनोनीत सदस्य बनाया गया है।
न्यायिक इतिहास और नवीन परिसर की आवश्यकता
वर्तमान में जिला एवं सेशन न्यायालय जिस परिसर में संचालित है वह 1948 से है, जिसके प्रथम जिला एवं सेशन न्यायाधीश हीरा लाल करनपुरिया थे और अब तक 51 जिला एवं सैशन न्यायाधीश रह चुके है एवं वर्तमान में 52वें जिला एवं सैशन न्यायाधीश अभय जैन है। ब्रिटिशकाल में न्यायालय जूनावास में संचालित होता था। वर्तमान में न्यायालय परिसर में 20 कोर्ट संचालित है और परिसर में स्थान की कमी होने से लगभग 11 कोर्ट न्यायालय परिसर से बाहर संचालित है। इसी कारण न्यायालय परिसर में स्थान की कमी होने के कारण पूर्व कार्यकारिणी के प्रयासों से 62 बीघा भूमि आवंटित हुई है। वर्तमान में नव निर्वाचित कार्यकारिणी द्वारा नव आवंटित भूमि का भूमि पूजन किया जा रहा है और न्यायालय परिसर का विकास वर्तमान कार्यकारिणी द्वारा किया जायेगा।
कार्यक्रम की भव्य तैयारियाँ पूर्ण
अध्यक्ष राठौड़ ने बताया कि "कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई है, आयोजन को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौप दी गई है।" इस आयोजन में जिला न्यायालय के न्यायाधीश, अधिवक्तागण एवं न्यायालय स्टॉफ शामिल होंगे।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
