भीलवाड़ा में आमजन को आधार संबंधी सेवाएं अब अधिक सुगमता, पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध होंगी। भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) की ओर से शहर को मिले नए अत्याधुनिक आधार सेवा केंद्र का रविवार को आज़ाद नगर स्थित कुंभा सर्किल रोड पर शुभारंभ किया गया। वातानुकूलित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त इस केंद्र का उद्घाटन सांसद दामोदर अग्रवाल ने फीता काटकर किया।

उद्घाटन समारोह में सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच के तहत डिजिटल सेवाओं के विस्तार और सुशासन की दिशा में यह केंद्र एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ई-गवर्नेंस की सबसे बड़ी आवश्यकता है। इस केंद्र के शुरू होने से भीलवाड़ा और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को आधार से जुड़ी सभी सुविधाएं एक ही छत के नीचे पारदर्शी तरीके से उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे आमजन के समय की बचत होगी।

कार्यक्रम के दौरान सांसद दामोदर अग्रवाल ने स्वयं का आधार भी अपडेट करवाया और आमजन से समय-समय पर आधार अपडेट कराने की अपील की।

केंद्र अधीक्षक के अनुसार, इस आधार सेवा केंद्र पर नए आधार नामांकन के साथ-साथ नाम, पता, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर, ई-मेल, फोटो और बायोमेट्रिक अपडेट जैसी सभी सेवाएं निर्धारित शुल्क पर उपलब्ध कराई जाएंगी।

नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए केंद्र में हेल्प डेस्क और टोकन प्रणाली की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा वातानुकूलित प्रतीक्षा कक्ष, आरामदायक बैठने की व्यवस्था, दिव्यांगजनों के लिए रैंप, व्हीलचेयर सुगम्यता और सुगम्य शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। केंद्र में समर्पित शिकायत निवारण व्यवस्था के साथ UIDAI ASK प्रबंधक की तैनाती भी की गई है।

यह केंद्र सीधे UIDAI द्वारा संचालित किया जा रहा है। भीड़ से बचने के लिए निवासी UIDAI के आधिकारिक पोर्टल https://bookappointment.uidai.gov.in/ पर जाकर ऑनलाइन अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं।

इसके अलावा, 5 से 17 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा 30 सितंबर 2026 तक पूरी तरह से निःशुल्क रहेगी। यह सुविधा केंद्र के साथ-साथ स्कूल शिविरों के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जा रही है।

इस अवसर पर UIDAI क्षेत्रीय कार्यालय (दिल्ली) के उप महानिदेशक अविनाश अग्रवाल (आईटीएस), निदेशक कुमार उज्ज्वल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। नए आधार सेवा केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र के नागरिकों को आधार से जुड़ी सेवाओं के लिए बेहतर और व्यवस्थित सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story