भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के फूलियाकलां थाना क्षेत्र स्थित कनेछन कलां गांव में शुक्रवार की शाम रक्त रंजित हो गई। यहां बच्चों के बीच हुए एक मामूली विवाद ने ऐसा भयानक मोड़ लिया कि एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। सनकी पड़ोसी ने आवेश में आकर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर एक व्यक्ति की नृशंस हत्या कर दी, जिससे पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।

घटनाक्रम के अनुसार, गांव के निवासी प्रेमचंद तेली (35) और गणेश उर्फ पप्पू तेली के बच्चों के बीच खेल-खेल में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते यह विवाद बड़ों के बीच पहुंच गया। आवेश में आकर गणेश की पत्नी रेखा उलाहना देने प्रेमचंद के घर पहुंची, लेकिन उसके पीछे-पीछे गणेश भी हाथ में कुल्हाड़ी लेकर वहां धमक पड़ा। इससे पहले कि वहां मौजूद लोग कुछ समझ पाते या बीच-बचाव कर पाते, गणेश ने पूरी ताकत से प्रेमचंद के सिर पर कुल्हाड़ी से घातक प्रहार कर दिया। वार इतना जबरदस्त था कि प्रेमचंद के सिर के दो फाड़ हो गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

इस जघन्य हत्याकांड के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और मोहल्ले में दहशत फैल गई। वारदात के दौरान हुई हाथापाई में आरोपी गणेश तेली भी चोटिल हुआ है। सूचना मिलते ही थानाधिकारी राजकुमार नायक पुलिस जाब्ते के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मृतक प्रेमचंद के शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवाया है, वहीं घायल आरोपी गणेश को पुलिस कस्टडी में उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हत्या की इस वारदात के बाद गांव में व्याप्त तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है और गांव को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

फूलियाकलां थानाधिकारी राजकुमार नायक ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बेहद मामूली बात पर इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया गया है। आरोपी ने कुल्हाड़ी से सिर पर प्राणघातक प्रहार किया, जिससे प्रेमचंद की मृत्यु हो गई। फिलहाल आरोपी पुलिस की निगरानी में है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। बच्चों की एक मामूली कहासुनी ने जिस तरह एक व्यक्ति की जान ले ली और बच्चों को अनाथ कर दिया, वह समाज में घटती सहनशीलता की ओर इशारा करती है।

Next Story