भीलवाड़ा में श्री नामदेव समाज सेवा संस्थान की नगर शाखा की नवीन कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह रविवार को विद्युत नगर (संजय कॉलोनी) स्थित संत नामदेव भवन में हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में अखिल भारतीय नामदेव टांक क्षत्रिय महासभा (जयपुर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशोर अपूर्वा और भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल की उपस्थिति में संदीप लूँडर ने अध्यक्ष पद की कमान संभाली। इस अवसर पर समाज की एकता, संगठन, सेवा और संस्कारों को सुदृढ़ बनाने का सामूहिक संकल्प लिया गया। समारोह में 80 वर्ष से अधिक आयु के 22 वरिष्ठ समाजबंधुओं का अभिनंदन किया गया, जबकि बालिकाओं के नृत्य और प्रख्यात रंगोली कलाकार के.जी. कदम की कलाकृति ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

समारोह का शुभारंभ संत शिरोमणि श्री नामदेव जी महाराज के चित्र पर माल्यार्पण, चंदन तिलक और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथियों के आगमन पर पुष्पवर्षा कर उनकी अगवानी की गई। नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर में ठाकुरजी के विशेष शृंगार के बीच अतिथियों ने श्री विट्ठल भगवान, माता रुक्मिणी और संत नामदेव जी महाराज के दर्शन किए। इस दौरान गोविंद डीडवानिया ने संत नामदेव जी महाराज तथा कुणाल डीडवानिया ने श्री विट्ठल भगवान का स्वरूप धारण कर उपस्थित लोगों को भावविभोर कर दिया। श्रीमती सीतादेवी सर्वा, कांता देवी सर्वा और माया देवी गोठवाल ने गणेश वंदना प्रस्तुत की, जबकि सत्यनारायण गोठवाल ने ईश वंदना की।

समारोह के मुख्य अतिथि अखिल भारतीय नामदेव टांक क्षत्रिय महासभा (जयपुर) के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशोर अपूर्वा और अति विशिष्ट अतिथि भीलवाड़ा सांसद दामोदर अग्रवाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। नवनिर्वाचित अध्यक्ष संदीप लूँडर सहित सभी पदाधिकारियों का साफा, शॉल और माल्यार्पण कर बहुमान किया गया।

नई कार्यकारिणी में संदीप लूँडर को अध्यक्ष, जगदीश बुलिया को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, शिव प्रकाश ऊंटवाल को महामंत्री, बालकिशन छापरवाल को कोषाध्यक्ष, श्रीमती कमला बुलिया को संगठन मंत्री, निलेश हरगण को क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (तृतीय) और श्रीमती लीला छापरवाल को महिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्षता से संपन्न कराने वाले निर्वाचन अधिकारी सतीश गोठवाल, मदनलाल लूँडर (बेगूं), ओमप्रकाश रुनवाल (मांडल) और लादूलाल डीडवानिया (सांगानेर) का मेवाड़ी पगड़ी और उपरना पहनाकर विशेष अभिनंदन किया गया।

समाज के प्रति आजीवन योगदान के लिए 80 वर्ष से अधिक आयु के 22 वरिष्ठ समाजबंधुओं का शॉल, मोतियों की माला और मेवाड़ी पगड़ी पहनाकर भावभीना नागरिक अभिनंदन किया गया। खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्रिकेट ऑलराउंडर अनुराग बुलिया को भी सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष रामकिशोर अपूर्वा ने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज के सर्वांगीण विकास के लिए आपसी समन्वय और वरिष्ठजनों का मार्गदर्शन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे सेवा प्रकल्पों की जानकारी देते हुए युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया। वहीं, निवर्तमान अध्यक्ष श्यामलाल छापरवाल ने अपने कार्यकाल में सहयोग देने वाले सभी साथियों का आभार व्यक्त किया और नवीन कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं।

समारोह में प्रख्यात रंगोली कलाकार के.जी. कदम द्वारा बनाई गई चित्ताकर्षक रंगोली प्रमुख आकर्षण रही। अतिथियों ने रंगोली की मुक्तकंठ से सराहना की। वहीं, नन्ही बालिकाओं आध्या लूँडर और समृद्धि बुलिया ने स्वागत गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति के दौरान सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता भामाशाह एवं समाजसेवी रामदयाल नेहरिया ने की। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, ट्रस्ट सचिव सत्यनारायण गादा, ओमप्रकाश बुलिया, एडवोकेट सुरेशचंद्र मेहर, श्रीमती मीनाक्षी ऊंटवाल, एडवोकेट भगवतीलाल सर्वा, रायपुर पालिका चेयरमैन रामेश्वरलाल तोलंबिया, पुर अध्यक्ष श्यामलाल बुला, पार्षद नीरज अंछेरा, सतीश सरावगी और रामनारायण छापरवाल उपस्थित रहे। इनके अलावा बड़ी संख्या में समाजबंधुओं और मातृशक्ति ने समारोह में भाग लिया।

कार्यक्रम का सफल संयोजन पूर्व प्राचार्य श्रीमती चंद्रकला बुलिया ने किया, जबकि सह-संयोजन डॉ. अरविंद डीडवानिया ने संभाला। समारोह के समापन पर उपस्थितजनों के लिए विशेष फलाहारी अल्पाहार की व्यवस्था की गई। शपथ ग्रहण, वरिष्ठजनों के सम्मान और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आयोजन में समाज की एकता, सेवा भावना और नई कार्यकारिणी के प्रति सामूहिक सहभागिता का संदेश प्रमुखता से सामने आया।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story