नगर निगम चुनाव में जैन समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व दे राजनीतिक दल, बैठक में उठी मांग
भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव में जैन समाज ने राजनीतिक दलों से पर्याप्त प्रतिनिधित्व की मांग की, योग्य प्रत्याशियों के समर्थन पर भी बनी सहमति।

तस्वीर में सकल दिगम्बर जैन समाज भीलवाड़ा के पदाधिकारी आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर आयोजित बैठक में चर्चा करते हुए नजर आ रहे हैं।
आगामी नगर निकाय चुनावों में जैन समाज की भूमिका और प्रतिनिधित्व को लेकर सकल दिगम्बर जैन समाज भीलवाड़ा की बैठक शनिवार को अध्यक्ष प्रवीण चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में सभी राजनीतिक दलों से अपील की गई कि भीलवाड़ा नगर निगम के 70 वार्डों के लिए 9 सितम्बर को होने वाले चुनाव में समाज के योग्य व्यक्तियों को अधिकाधिक संख्या में प्रतिनिधित्व दिया जाए।
बैठक में नगर निगम चुनाव में समाज की भूमिका और प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की गई। समाजजनों ने सहमति जताई कि समाज के जो भी योग्य प्रतिनिधि किसी भी राजनीतिक दल के प्रत्याशी के रूप में निकाय चुनाव में मैदान में उतरेंगे, उन्हें विजयी बनाने के लिए समाज अपने स्तर पर पूरी कोशिश करेगा, ताकि आगामी नगर निगम बोर्ड में समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिल सके।
अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने कहा कि समाज को किसी राजनीतिक दल विशेष से जुड़े बिना समाज के योग्य प्रत्याशियों को विजयी बनाने के लिए हर संभव प्रयास करना होगा। इससे समाज की बात शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में सुविधा हो सकेगी।
बैठक में इस बात को लेकर नाराजगी भी जताई गई कि राजनीतिक दल समाज से सहयोग की अपेक्षा तो करते हैं, लेकिन टिकट वितरण में समाज को पर्याप्त प्रतिनिधित्व नहीं दिया जाता।
बैठक में समाज के उपाध्यक्ष प्रकाश गंगवाल, जम्बू भैसा, महामंत्री लोकेश अजमेरा, मंत्री नरेश गोधा, सह मंत्री भैरूलाल, कोषाध्यक्ष अशोक कांटीवाल, दिनेश सेठिया, तनसुख गदिया, लक्ष्मीकांत जैन, राजेश बड़जात्या, निर्मल गोधा, पूनम सेठी सहित समाज के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक में आगामी नगर निगम चुनाव में समाज के योग्य प्रतिनिधियों को पर्याप्त राजनीतिक प्रतिनिधित्व दिलाने और उनके समर्थन में प्रयास करने पर सहमति बनी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
