भीलवाड़ा में आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर बहुप्रतीक्षित वार्ड आरक्षण लॉटरी प्रक्रिया सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में संपन्न हुई। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू की मौजूदगी में नियमानुसार लॉटरी निकाली गई। आरक्षण की स्थिति स्पष्ट होने के साथ ही जिले में निकाय चुनाव की तैयारियों और राजनीतिक गतिविधियों ने जोर पकड़ लिया है।

लॉटरी प्रक्रिया के दौरान भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी, गोपीचंद मीणा, जब्बर सिंह सांखला, लादूलाल पितलिया, लालाराम बैरवा, गोपाल खंडेलवाल, एडीएम सिटी प्रतिभा देवटिया, एडीएम प्रशासन, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और मीडियाकर्मी मौजूद रहे।

भीलवाड़ा नगर निगम के कुल 70 वार्डों के लिए आरक्षण की स्थिति तय की गई है। इनमें सामान्य श्रेणी के 46 वार्ड हैं, जिनमें 15 सीटें सामान्य महिला और 31 सीटें सामान्य ओपन के लिए हैं। ओबीसी श्रेणी में कुल 14 सीटें हैं, जिनमें 5 ओबीसी महिला और 9 ओबीसी ओपन सीटें शामिल हैं। एससी श्रेणी में कुल 9 सीटें हैं, जिनमें 3 एससी महिला और 6 एससी ओपन सीटें हैं। एसटी श्रेणी में कुल 1 सीट है, जो एसटी ओपन के लिए निर्धारित की गई है।

एससी महिला के लिए वार्ड 24, 48 और 57 आरक्षित किए गए हैं, जबकि एससी ओपन के लिए वार्ड 2, 25, 27, 52, 53 और 55 निर्धारित हुए हैं। एसटी ओपन के लिए वार्ड 66 आरक्षित किया गया है।

ओबीसी महिला के लिए वार्ड 5, 31, 37, 51 और 70 आरक्षित हुए हैं। वहीं ओबीसी ओपन श्रेणी में वार्ड 11, 15, 17, 19, 20, 21, 54, 58 और 69 शामिल हैं।

सामान्य महिला श्रेणी में वार्ड 7, 8, 9, 10, 12, 22, 29, 38, 40, 41, 46, 61, 65 और 67 आरक्षित किए गए हैं। सामान्य ओपन श्रेणी में वार्ड 1, 3, 4, 6, 13, 14, 16, 18, 23, 26, 28, 32, 33, 34, 35, 36, 39, 42, 43, 44, 45, 47, 49, 50, 56, 59, 60, 62, 63, 64 और 68 शामिल हैं।

नगर निगम भीलवाड़ा के अलावा जिले की 10 अन्य नगरपालिकाओं आसींद, गुलाबपुरा, गंगापुर, हमीरगढ़, बनेड़ा, शाहपुरा, जहाजपुर, मांडलगढ़, बिजौलिया और बिगौद के लिए भी वार्ड आरक्षण की लॉटरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी कराई गई।

आरक्षण की स्थिति सामने आने के बाद राजनीतिक दावेदारों के समीकरण भी बदलते नजर आए। कई दावेदारों के चेहरे खिल उठे, जबकि कई चर्चित चेहरे अपने वार्ड के आरक्षित होने के कारण नए सुरक्षित वार्डों की तलाश में जुट गए हैं। वार्ड आरक्षण की तस्वीर साफ होने के साथ ही आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां और तेज हो गई हैं।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story