भीलवाड़ा शहर के वार्ड नंबर 24 स्थित कुचबन्दा समाज मोहल्ले में माता महारानी मंदिर के पास बनी नगर निगम की सराय रखरखाव के अभाव में पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। ढहने की कगार पर पहुँच चुकी इस इमारत से स्थानीय निवासियों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को बड़ा खतरा पैदा हो गया है। इस गंभीर समस्या को लेकर सोमवार को नगर अध्यक्ष भूपेन्द्र (कुनाल) गोरण के नेतृत्व में मोहल्लेवासियों ने नगर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर सराय के जल्द पुनर्निर्माण या मरम्मत की मांग की है।

नगर अध्यक्ष भूपेन्द्र गोरण ने बताया कि नगर निगम द्वारा माता महारानी मंदिर के पास इस सराय का निर्माण वर्षों पहले कराया गया था। वर्तमान में समय बीतने और उचित देखरेख न होने के कारण इसकी स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है। सराय की छत पूरी तरह खोखली हो गई है और दीवारों का प्लास्टर उखड़कर लगातार नीचे गिर रहा है।

मोहल्लेवासियों का कहना है कि यह सराय घनी आबादी वाले क्षेत्र और प्रसिद्ध माता महारानी मंदिर के ठीक पास स्थित है। मंदिर होने के कारण यहाँ दिनभर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भारी आवाजाही रहती है। ऐसे में यह जर्जर हो चुकी इमारत कभी भी जमींदोज हो सकती है, जिससे किसी बड़े हादसे और जन-धन की हानि की आशंका बनी हुई है। ज्ञापन के माध्यम से समस्त वार्डवासियों ने आयुक्त महोदय से जनहित और सार्वजनिक सुरक्षा को सर्वाेपरि रखते हुए इस जर्जर सराय का तुरंत निरीक्षण करवाने का आग्रह किया है। साथ ही मांग की है कि किसी भी संभावित दुर्घटना को टालने के लिए इसका जल्द से जल्द पुनर्निर्माण या आवश्यक रिपेयरिंग कार्य शुरू करवाया जाए।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story