चित्तौड़ रोड पर कचरा जलाने पर नगर निगम सख्त, होटल रेडियंस और मारुति सुजुकी को नोटिस
भीलवाड़ा में चित्तौड़ रोड ओवर ब्रिज के पास कचरा जलाने पर नगर निगम ने होटल रेडियंस और मारुति सुजुकी चैंपियन कार को नोटिस दिए। वहीं 2 सितंबर से 18 वार्डों में विशेष सफाई अभियान शुरू होगा।

चित्तौड़ रोड मुख्य मार्ग पर ओवर ब्रिज के पास कचरा डालकर उसमें आग लगाने के मामले में नगर निगम भीलवाड़ा ने सख्त कार्रवाई करते हुए होटल रेडियंस और मारुति सुजुकी चैंपियन कार को आधिकारिक नोटिस जारी किए हैं। निगम प्रशासन ने नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई और भारी जुर्माने की प्रक्रिया अपनाने की चेतावनी दी है।
नगर निगम आयुक्त कमल सिंह यादव ने बताया कि दोनों संस्थानों द्वारा चित्तौड़ रोड स्थित ओवर ब्रिज के समीप कचरा फेंका जा रहा था और उसमें आग लगाई जा रही थी। इससे मुख्य मार्ग और आसपास का पूरा क्षेत्र दूषित हो रहा था। साथ ही सार्वजनिक संपत्ति को भी नुकसान पहुंच रहा था।
मामले को गंभीरता से लेते हुए नगर निगम ने राजस्थान नगर पालिका अधिनियम, 2009 की धारा 232, 267, 297 ए तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम, 2026 के प्रावधानों के तहत दोनों संस्थानों को नोटिस जारी किए हैं। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी और भारी जुर्माने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।
इसी क्रम में 01 सितंबर 2026 को निगम आयुक्त कमल सिंह यादव ने वार्ड नंबर 07 और 11 का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों वार्डों में बीटवाइज कर्मचारियों की उपस्थिति की जांच की गई। सड़कों और नालियों में गंदगी मिलने पर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए संबंधित जमादार और स्वास्थ्य निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मयूर स्कूल के सामने स्थित कचरा स्टैंड की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। निगम आयुक्त ने वार्ड के स्थानीय नागरिकों से सफाई व्यवस्था को लेकर सीधा फीडबैक लिया। साथ ही आमजन से अपील की गई कि निर्धारित उपयुक्त स्थानों पर ही कचरा डालें और मुख्य मार्गों पर कचरा न फैलाएं।
खाली भूखंडों पर गंदगी फैलाने वाले लोगों और प्लॉट स्वामियों को भी चिन्हित कर नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। निगम प्रशासन का उद्देश्य शहर में स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना है।
वहीं, नगर निगम भीलवाड़ा शहर की सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए 2 सितंबर 2026 से दोपहर की पारी में विशेष सफाई अभियान शुरू करेगा। निगम आयुक्त के निर्देशों के तहत शुरू होने वाले इस अभियान में शहर के 18 वार्डों पर विशेष फोकस रहेगा।
अभियान के सुचारू संचालन के लिए स्वास्थ्य निरीक्षकों के जिम्मे वार्डों का आवंटन किया गया है और कुल 16 विशेष टीमों का गठन किया गया है। 2 सितंबर को अभियान के दायरे में वार्ड क्रमांक 1, 6, 8, 19, 21, 28, 33, 34, 36, 37, 41, 42, 44, 48, 56, 63, 65 और 66 शामिल रहेंगे।
चयनित वार्डों की गलियों, सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर विशेष टीमों द्वारा व्यापक सफाई की जाएगी। जलभराव और गंदगी की समस्या से निपटने के लिए नालियों की विशेष सफाई और गाद निकासी का काम होगा। उपलब्ध संसाधनों और सफाई कर्मियों के जरिए एकत्र कचरे का समय पर और उचित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।
नगर निगम का यह विशेष अभियान भीलवाड़ा में स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रयास है। निगम प्रशासन ने शहरवासियों से अभियान में सहयोग करने और कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालने की अपील की है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
