भीलवाड़ा, 25 सितंबर। नगर निगम भीलवाड़ा के महापौर और आयुक्त ने शहर की सफाई व्यवस्था, आंतरिक संसाधनों के संचालन और विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मियों को सख्त हिदायत दी गई, वहीं जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण की शुरुआत गेराज शाखा से हुई। महापौर श्रीमती जसवंत कंवर, उप महापौर श्री राधेश्याम सोमानी और आयुक्त श्री कमल सिंह यादव ने गेराज की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान निर्धारित समय बीत जाने के बाद भी कई ऑटो टिपर गेराज परिसर में ही खड़े पाए गए। इस पर अधिकारियों ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए मौके पर मौजूद सुपरवाइजर को सभी वाहनों को तुरंत उनके निर्धारित वार्डों में संचालित करने के कड़े निर्देश दिए।

इसके बाद अधिकारियों ने मियाचंद जी की बावड़ी के पास स्थित नाले का मौका मुआयना किया। यातायात और आवागमन को सुगम बनाने के लिए सड़क को चौड़ा किए जाने के उद्देश्य से नाले को शिफ्ट करने के निर्देश दिए गए।

इसके पश्चात आजाद चौक क्षेत्र की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान यहां सफाई व्यवस्था में कमियां पाई गईं। अधिकारियों ने संबंधित टीम को तुरंत व्यवस्थाओं में सुधार लाने और शहर में उच्च स्तर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए।

आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सर्किट हाउस के पास नया सार्वजनिक शौचालय बनाने के निर्देश भी दिए गए। इससे आवागमन करने वाले आमजन को राहत मिल सकेगी।

'स्वच्छता ही सेवा' अभियान के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जन्म-जयंती के अवसर पर नगर निगम परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगर निगम महापौर श्रीमती जसवंत कंवर, उप महापौर श्री राधेश्याम सोमानी और आयुक्त श्री कमल सिंह यादव ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और स्वच्छता का संदेश दिया।

नगर निगम के औचक निरीक्षण में सफाई व्यवस्था, ऑटो टिपरों के संचालन, नाले की शिफ्टिंग और सार्वजनिक सुविधा से जुड़े कार्यों को लेकर अधिकारियों ने मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story