भीलवाड़ा नगर निगम चुनाव: गांधी भवन में कांग्रेस की रणनीतिक बैठक
भीलवाड़ा में आगामी नगर निगम चुनावों को लेकर कांग्रेस ने कसी कमर, जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में बूथ प्रबंधन और चुनावी तैयारियों पर विशेष मंथन किया गया।

भीलवाड़ा के गांधी भवन में नगर निगम चुनावों की रणनीति पर चर्चा करते कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता।
आगामी नगर निगम भीलवाड़ा के संभावित चुनावों के दृष्टिगत शनिवार को गांधी भवन स्थित कांग्रेस कार्यालय में एक अत्यंत महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक संपन्न हुई। जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के तत्वावधान में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्री शिवराम जी.पी. खटीक ने की। बैठक का मुख्य उद्देश्य चुनावों के लिए संगठनात्मक ढांचे को सुदृढ़ करना, बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना और प्रभावी चुनावी रणनीति तैयार करना रहा।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष शिवराम जी.पी. खटीक ने स्पष्ट किया कि नगर निगम चुनाव किसी भी क्षण घोषित किए जा सकते हैं। उन्होंने उपस्थित कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे पूरी ताकत के साथ धरातल पर उतरें और संगठन की मजबूती के साथ कांग्रेस की नीतियों एवं जनहित के ज्वलंत मुद्दों को आमजन तक पहुंचाएं। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस पार्टी निरंतर जनता की समस्याओं के समाधान हेतु संघर्षरत है और आगामी चुनाव में पार्टी पूर्ण एकजुटता एवं मजबूती के साथ अपनी दावेदारी पेश करेगी। बैठक के दौरान संगठन विस्तार, वार्ड स्तर पर कार्यकारिणी के गठन और बूथ प्रबंधन पर विशेष रूप से मंथन किया गया।
इस दौरान कार्यक्रम का संचालन करते हुए पीसीसी सदस्य मनोज पालीवाल ने संगठन की मजबूती में कार्यकर्ताओं की अनिवार्य भूमिका पर प्रकाश डाला और सभी से सक्रिय सहभागिता का आग्रह किया। बैठक में नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष धर्मेन्द्र पारीक, पीसीसी सदस्य मनोज पालीवाल, पूर्व नेता प्रतिपक्ष हाजी अब्दूल सलाम मंसुरी, राजेन्द्र जैन, सेवादल अध्यक्ष योगेश सोनी, पार्षद प्रकाश चंद्र ओझा, पार्षद शिव प्रकाश घावरी, पार्षद उस्मान पठान, मोहम्मद हारून रंगरेज, हमीद रंगरेज, रफिक मोहम्मद बिसायती, डाॅ. फरियाद मोहम्मद, सत्वीर सिंह और मोहम्मद रफिक शेख सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में शामिल सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने संगठन को अभेद्य बनाने और आगामी चुनावों में कांग्रेस की निर्णायक विजय सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। यह बैठक भीलवाड़ा में चुनावी सरगर्मियों को तेज करने के साथ-साथ कांग्रेस के मिशन मोड की शुरुआत के रूप में देखी जा रही है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
