भीलवाड़ा में परिवहन विभाग की हड़ताल समाप्त होते ही जिला प्रशासन और पुलिस ने यात्रियों की सुरक्षा से जुड़े मामलों में सख्ती दिखाते हुए गुरुवार देर रात मुजरास टोल प्लाजा पर संयुक्त अभियान चलाया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, परिवहन विभाग और यातायात पुलिस की टीम ने निजी बस संचालकों के खिलाफ औचक कार्रवाई करते हुए लग्जरी और स्लीपर बसों की व्यापक जांच की। आधी रात को हुई इस कार्रवाई से निजी बस संचालकों में हड़कंप मच गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रश्मि आर्य के निर्देशों पर संचालित इस विशेष अभियान के दौरान मुजरास टोल प्लाजा से गुजरने वाली स्लीपर और लग्जरी बसों को रोककर उनके दस्तावेजों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया।

संयुक्त जांच टीम ने कुल 11 लग्जरी एवं स्लीपर बसों की जांच की। मोटर वाहन अधिनियम और निर्धारित सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 4 बसों के खिलाफ मौके पर ही कुल 26,000 रुपये के चालान किए गए। वहीं गंभीर अनियमितता मिलने पर एक बस को तत्काल सीज कर दिया गया। जिन बसों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप मिलीं, उन्हें आगे यात्रा की अनुमति दे दी गई।

निरीक्षण के दौरान परिवहन निरीक्षक सुरेश जांगिड़ और यातायात पुलिस की टीम ने बसों में अग्निशमन यंत्र, इमरजेंसी हैमर, फर्स्ट एड बॉक्स, आपातकालीन निकास, परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र तथा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी आवश्यक सुरक्षा प्रावधानों की बारीकी से जांच की।

कार्रवाई को लेकर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती रश्मि आर्य ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजमार्गों और टोल नाकों पर बिना किसी पूर्व सूचना के इस प्रकार के औचक निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

प्रशासन ने यात्रियों से भी अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले बस में चार इमरजेंसी एग्जिट, फायर सेफ्टी उपकरण और इमरजेंसी हैमर जैसी सुरक्षा व्यवस्थाओं की स्वयं जांच करें। यदि किसी बस में सुरक्षा संबंधी गंभीर कमी दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल परिवहन विभाग, पुलिस या संबंधित प्राधिकरण को दें।

इस अभियान के दौरान अधिवक्ता सुरेश प्रजापत, भंवर लाल गुर्जर, मनोज व्यास और विकास गायरी सहित भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा। संयुक्त कार्रवाई के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट संकेत दिया है कि यात्रियों की सुरक्षा से समझौता करने वाले बस संचालकों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story