भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी के कार्यालय में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 135वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण एवं वंदन के साथ हुआ।

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय संस्कृति, प्राचीन शिक्षा परंपरा, खेल संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, लोकल उत्पादों के उपयोग, प्रकृति के प्रति संवेदनशीलता तथा सामाजिक जागरूकता सहित विभिन्न विषयों पर देशवासियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने बच्चों में खेलों के प्रति बढ़ते उत्साह, फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों में नई पीढ़ी की बढ़ती भागीदारी तथा महिलाओं द्वारा किए जा रहे प्रेरणादायी कार्यों का विशेष उल्लेख किया।

प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि करोड़ों परिवार इन योजनाओं से लाभान्वित हुए हैं तथा हजारों करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाई गई है।

उन्होंने आगामी गणेशोत्सव सहित विभिन्न पर्वों पर मिट्टी की मूर्तियों के उपयोग का आग्रह करते हुए कहा कि इससे आस्था और प्रकृति दोनों का संरक्षण होता है। साथ ही "वोकल फॉर लोकल" का संदेश देते हुए स्थानीय उत्पादों को अपनाने की अपील की।

प्रधानमंत्री ने नालंदा विश्वविद्यालय एवं केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय की गौरवशाली परंपरा, मेघालय के लिविंग रूट ब्रिज, मध्यप्रदेश के ब्यावरा में महिलाओं द्वारा स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए नवाचार तथा असम में दुर्लभ पक्षियों के संरक्षण के प्रेरक प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अंधविश्वास विकास में सबसे बड़ी बाधा है तथा वैज्ञानिक सोच और प्रकृति के साथ समन्वय ही राष्ट्र की प्रगति का आधार है।

इस अवसर पर विधायक अशोक कुमार कोठारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रत्येक 'मन की बात' एपिसोड देशवासियों को नई प्रेरणा, नई सोच और सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति, योग, प्राकृतिक खेती, जल संरक्षण, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक सरोकारों जैसे विषयों पर प्रधानमंत्री के विचार समाज को जागरूक और प्रेरित करने वाले हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से 'मन की बात' में दिए गए संदेशों को अपने जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम से पूर्व गौभक्त सुनील जागेटिया ने गौ माता सम्मान अभियान के अंतर्गत 27 जुलाई को प्रस्तावित कार्यक्रम की जानकारी देते हुए गौ संरक्षण के लिए जनसहभागिता का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने विभिन्न एपिसोड के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं देश की गौरवशाली विरासत को विश्व स्तर पर नई पहचान दिलाई है।

विवेकानंद केंद्र के प्रांतीय संयोजक भगवान सिंह चौहान ने कहा कि 'मन की बात' भारतीय संस्कृति, भाषा और जीवन मूल्यों से समाज को जोड़ने वाला प्रेरणादायी मंच है। भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लादू लाल तेली ने कार्यक्रम से प्राप्त संदेशों को व्यवहार में उतारने का आह्वान किया। कवि रामनिवास सोनी ने काव्य पाठ किया तथा अंत में कैलाश जीनगर ने राष्ट्रगान का गायन किया। कार्यक्रम का संचालन बाबूलाल टाक ने किया।

इस अवसर पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष एडवोकेट लादू लाल तेली, पूर्व सभापति दिनेश शर्मा, विवेकानंद केंद्र के भगवान सिंह चौहान, पूर्व पार्षद मदनलाल अग्रवाल, सुनील जागेटिया, तेजमल शर्मा, प्रदीप सांखला, केदार जागेटिया, देवी लाल गुर्जर, शिक्षाविद विवेक निमावत, छितर मल गेंगट, सत्यनारायण गुग्गड़, किशोर लखवानी, हिमांशु शुक्ला, सुभाष सोनी, संजय शर्मा, छोटूलाल माली, गजेंद्र सिंह, दिलीप सोनी, गीरेंद्र मिश्रा, राजकुमार ईनानी, कमल कोठारी, दिनेश सुथार, पृथ्वीराज, प्रिंस जैन, अजय पाराशर, महेंद्र प्रजापत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री द्वारा समाज, संस्कृति, पर्यावरण, शिक्षा, महिला सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन और वैज्ञानिक सोच जैसे विषयों पर दिए गए संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया, वहीं उपस्थित जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने इन्हें जीवन में अपनाने का संकल्प भी व्यक्त किया।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story