प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को भीलवाड़ा में विधायक अशोक कुमार कोठारी के सान्निध्य में धार्मिक आस्था, गौसेवा, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन आयोजनों में हरणी महादेव क्षेत्र से लेकर गौशाला एवं शहरी जलभराव स्थलों तक जनसेवा और विकास का संदेश व्यापक रूप से प्रसारित किया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः हरणी महादेव मंदिर में हुई, जहां विधायक अशोक कुमार कोठारी ने भगवान शिव का विधिवत अभिषेक एवं पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू भी विशेष रूप से उपस्थित रहे और उन्होंने भी पूजा-अनुष्ठान में सहभागिता की। कार्यक्रम में नगर विकास न्यास के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण डाड सहित कई गणमान्य नागरिक और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

पूजन के पश्चात विधायक कोठारी अपनी टीम के साथ सीताराम गौशाला (काइन हाउस) पहुंचे, जहां उन्होंने गौमाताओं को पशु आहार वितरित कर गौसेवा की तथा गौशाला की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है और मुस्कान फाउंडेशन एवं गौशाला प्रबंधन द्वारा किए जा रहे कार्य प्रेरणादायक हैं।

इसके बाद गौशाला परिसर स्थित जलाशय एवं मूर्ति विसर्जन स्थल का निरीक्षण करते हुए विधायक ने पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए इको-फ्रेंडली प्रतिमाओं के उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि देवी-देवताओं की प्रतिमाएं प्राकृतिक सामग्री जैसे पंचगव्य, गोबर या मिट्टी से बनाई जानी चाहिए, ताकि विसर्जन के बाद पर्यावरण को कोई क्षति न पहुंचे। उन्होंने आगामी गणेशोत्सव एवं नवरात्रि में पर्यावरण अनुकूल प्रतिमाओं के उपयोग की अपील भी की।

इसी क्रम में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें विधायक कोठारी ने पर्यावरण संरक्षण को समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में चल रहे पौधारोपण अभियान की सराहना करते हुए बताया कि प्रदेश में पिछले दो वर्षों में लगभग 19 करोड़ पौधे लगाए गए हैं, जो हरित राजस्थान की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

विधायक कोठारी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों को विकास, सुशासन और जनकल्याण के नए आयामों से जोड़ते हुए कहा कि इन वर्षों में भारत ने वैश्विक स्तर पर नई पहचान स्थापित की है।

कार्यक्रमों के पश्चात विधायक ने शहर में वर्षा ऋतु के दौरान संभावित जलभराव स्थलों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने सूचना केंद्र के समीप सब्जी मंडी क्षेत्र, महात्मा गांधी चिकित्सालय के सामने गांधी पार्क, पशु चिकित्सालय, शास्त्रीनगर स्थित सालासर बालाजी पार्क तथा श्री गेस्ट हाउस की ओर जाने वाले मुख्य नाले का निरीक्षण कर जलनिकासी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने नगर निगम अधिकारियों को वर्षा पूर्व आवश्यक सुधार कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

इस दौरान नगर निगम अधिकारी, विधायक कार्यालय प्रभारी एडवोकेट अर्पित कोठारी, गजेंद्र सिंह राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story