भीलवाड़ा। पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में अल्पवर्षा से गहराए जल संकट और चारे की कमी के बीच गोवंश के संरक्षण को लेकर भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने मोर्चा संभाला है। जोधपुर, बाड़मेर एवं जैसलमेर सहित प्रभावित जिलों में गोवंश की वास्तविक स्थिति का आकलन करने के लिए विधायक कोठारी तीन दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वे सहायता केंद्रों और गौशालाओं का निरीक्षण कर चारा-पानी की उपलब्धता, व्यवस्थाओं और गोवंश की स्थिति की जानकारी ले रहे हैं।

दौरे के दौरान विधायक कोठारी गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा कर गौशाला संचालकों और गौसेवकों से संवाद कर रहे हैं। उनका उद्देश्य मौजूदा संकट के दौरान गोवंश को अधिकतम राहत उपलब्ध कराने के लिए व्यावहारिक और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करना है।

इसी क्रम में गुरुवार सुबह विधायक कोठारी ने श्री पादरुद रजत गौशाला, मसूदा पहुंचकर गौमाता एवं नंदी बाबा के दर्शन किए। इसके बाद उन्होंने गौशाला का निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गोवंश के लिए उपलब्ध चारे, पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं की जानकारी ली तथा गौसेवा एवं संरक्षण के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव दिए।

विधायक कोठारी ने कहा कि गोवंश का संरक्षण किसी एक संस्था या गौशाला की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है। वर्तमान परिस्थितियों में गौशालाओं, गौसेवकों, सामाजिक संस्थाओं और दानदाताओं को मिलकर आगे आना होगा, ताकि जल एवं चारे के संकट से जूझ रहे गोवंश को समय पर राहत मिल सके।

उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय प्रवास के दौरान क्षेत्र के विधायकों, जनप्रतिनिधियों और संबंधित जिलों के जिला कलेक्टरों के साथ भी चर्चा की जाएगी। इस संवाद के माध्यम से उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर गोवंश को सुरक्षित रखने, चारा-पानी की व्यवस्था मजबूत करने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को गति देने के लिए आवश्यक ठोस कदमों पर विचार किया जाएगा।

विधायक कोठारी ने बताया कि जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों से प्राप्त सुझावों तथा क्षेत्र की आवश्यकताओं के आधार पर समग्र कार्ययोजना तैयार कर राज्य सरकार को भेजी जाएगी। इसके माध्यम से शासन स्तर पर आवश्यक सहयोग और संसाधन उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

इस अभियान में पथमेड़ा गौशाला की विशेष टीम भी विधायक कोठारी के साथ रहेगी। यह टीम गौशालाओं की व्यवस्थाओं और गोवंश की वास्तविक स्थिति का आकलन करने में सहयोग करेगी। इसके अलावा निजी दानदाताओं, भामाशाहों और सामाजिक संगठनों से गौसेवा के लिए सहयोग जुटाने की संभावनाओं पर भी चर्चा होगी, ताकि संकटग्रस्त क्षेत्रों में चारा, पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं की निरंतर उपलब्धता सुनिश्चित की जा सके।

उल्लेखनीय है कि विधायक अशोक कुमार कोठारी लंबे समय से पश्चिमी राजस्थान में गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए सक्रिय रूप से प्रयासरत हैं। उनका यह दौरा जमीनी हालात का आकलन करने के साथ प्रशासन, जनप्रतिनिधियों, गौशालाओं और समाज के सामूहिक सहयोग से संकट का स्थायी एवं प्रभावी समाधान तलाशने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

इस अवसर पर विधायक कोठारी के साथ सुनील जागेटिया, विवेक निमावत सहित गौसेवक उपस्थित रहे।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story