भीलवाड़ा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों और आह्वान को राष्ट्रोत्थान का मार्गदर्शक बताते हुए भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने 'मन की बात' कार्यक्रम को समाजहित का सशक्त माध्यम करार दिया है। रविवार को भीलवाड़ा स्थित विधायक कार्यालय पर आयोजित विशेष कार्यक्रम में विधायक कोठारी ने कार्यकर्ताओं और प्रबुद्धजनों के साथ प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो प्रसारण 'मन की बात' के 132वें संस्करण को सुना। इस दौरान उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि यह कार्यक्रम मात्र एक संवाद नहीं, अपितु देशभक्ति, जनजागरूकता और सामाजिक सरोकारों से साक्षात्कार कराने वाला प्रेरणा का अद्वितीय स्रोत है।

विधायक कोठारी ने प्रधानमंत्री के उद्बोधन का हवाला देते हुए बताया कि वर्तमान में पड़ोसी देशों की युद्धजन्य परिस्थितियों से उपजी चुनौतियों के बीच देशवासियों को एकजुट रहने की महती आवश्यकता है। उन्होंने जनता से किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने और संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय विषयों पर राजनीति न करने की अपील की। प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए आश्वासन को दोहराते हुए कोठारी ने कहा कि देश में डीजल, पेट्रोल और गैस जैसी अनिवार्य वस्तुओं की उपलब्धता पर्याप्त है और प्रत्येक नागरिक पूर्णतः सुरक्षित एवं निश्चिंत है।

सांस्कृतिक चेतना पर प्रकाश डालते हुए विधायक ने कहा कि 'ज्ञान भारत' की परिकल्पना के तहत प्राचीन पांडुलिपियों का संरक्षण और 'ज्ञान संग्रहालय' की स्थापना हमारी ऋषि-परंपरा को जीवंत रखने की दिशा में क्रांतिकारी कदम है। उन्होंने 'भावी भारत' के निर्माण में जनभागीदारी को अनिवार्य बताते हुए कहा कि लाखों नागरिकों के सुझाव ही विकास के नवीन सोपानों का आधार बनते हैं। खेलों के क्षेत्र में "खेलेंगे तो खिलेंगे" के मंत्र के साथ प्रधानमंत्री ने टी-20 विश्व कप की विजय और जम्मू-कश्मीर में रणजी ट्रॉफी की ऐतिहासिक सफलता का उल्लेख कर युवाओं में नया उत्साह फूंका है।

पर्यावरण और जल संरक्षण के गंभीर विषयों पर चर्चा करते हुए विधायक कोठारी ने बताया कि प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के मद्देनजर 'अमृत सरोवर' अभियान और वाटर हार्वेस्टिंग को व्यक्तिगत जिम्मेदारी बनाने का संदेश दिया है। देशभर में निर्मित 70 हजार अमृत सरोवर और त्रिपुरा, तेलंगाना एवं छत्तीसगढ़ के सफल प्रयासों को उन्होंने अनुकरणीय बताया। वहीं 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत वाराणसी में मात्र एक घंटे में 2 लाख 51 हजार पौधे रोपने की उपलब्धि को पर्यावरण और मातृ-शक्ति के सम्मान का अद्भुत संगम बताया। इसके अतिरिक्त सोलर एनर्जी और 'पीएम सूर्य घर' योजना के माध्यम से जयपुर के किसान और सुरेंद्रनगर की महिला के उदाहरणों द्वारा आत्मनिर्भरता के बढ़ते कदमों को रेखांकित किया गया। कार्यक्रम के समापन पर विधायक कोठारी ने संजय राठी, गजेन्द्र सिंह राठौड़, मनोज जी, कमल कोठारी और पवन लढ़ा सहित उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं से राष्ट्र सशक्तिकरण में योगदान देने का आह्वान किया।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story