भीलवाड़ा। भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने 17 अक्टूबर को उपनगर पुर में संचालित विभिन्न राजकीय विद्यालयों का निरीक्षण कर डीएमएफटी फंड से चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं और निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। साथ ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, युवाओं और विद्यालय विकास समिति के सदस्यों से संवाद कर स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की। विधायक ने पुर के सर्वांगीण विकास के लिए हरसंभव प्रयास करने का भरोसा दिलाया।

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने सबसे पहले राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पुर का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने डीएमएफटी फंड से 57 लाख रुपये की लागत से बनने वाले चार नवीन कक्षा-कक्षों के निर्माण कार्य की जानकारी ली। विद्यालय की प्रधानाचार्य कल्पना जैन ने बताया कि यह उपनगर पुर का सबसे बड़ा विद्यालय है। यहां विद्यार्थियों की संख्या के अनुपात में कक्षा-कक्षों की आवश्यकता है। इसी जरूरत को ध्यान में रखते हुए चार नए कक्षा-कक्षों का निर्माण कार्य प्रारंभ किया जा रहा है।

इसके बाद विधायक कोठारी ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पुर, राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय नागोरी मोहल्ला पुर, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय माली मोहल्ला और राजकीय प्राथमिक विद्यालय कुम्हारिया खेड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने इन विद्यालयों में डीएमएफटी फंड योजना के तहत संचालित निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

विद्यालयों के निरीक्षण के बाद विधायक ने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और युवाओं के साथ संवाद किया। इस दौरान पुर में खेल मैदान की कमी और नवीन पार्क विकसित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में खेल एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार की आवश्यकता पर ध्यान दिलाया।

विधायक कोठारी ने बताया कि पुर की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए 75 लाख रुपये की लागत से रेसलिंग और जूडो हॉल का निर्माण करवाया जा रहा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुरवासियों को नवीन खेल मैदान और पार्क उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।

विधायक ने कहा कि उपनगर पुर के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी। शिक्षा, खेल और नागरिक सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता देते हुए क्षेत्र के विकास के लिए प्रयास किए जाएंगे। विद्यालयों में कक्षा-कक्षों के निर्माण से शैक्षणिक सुविधाओं को मजबूत करने और खेल मैदान एवं पार्क की मांग पर पहल से क्षेत्रवासियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।

निरीक्षण और संवाद के दौरान एडवोकेट अर्पित कोठारी, गजेंद्र सिंह, शिक्षाविद् विवेक निमावत, संजय राठी, राजेंद्र जैन, संपत गंधर्व, विजय कुमार गुप्ता सहित विद्यालय विकास समिति के सदस्य और क्षेत्र के जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story