विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने मंगलवार को उपनगर पुर के समीप स्थित कानुडा तालाब पर निर्माणाधीन एनीकट तथा शहरी क्षेत्र से गुजर रही मेजा नहर के मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभागीय अधिकारियों और संबंधित ठेकेदार को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित मानकों के अनुरूप पूर्ण किया जाए।

विधायक कोठारी ने मौके पर ही कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि एनीकट निर्माण पूर्ण होने के बाद तालाब के पानी का रिसाव कम होगा, जिससे क्षेत्र के भू-जल स्तर में वृद्धि होगी। इसके परिणामस्वरूप किसानों को सिंचाई में सीधा लाभ मिलेगा और फसलों के उत्पादन में बढ़ोतरी होगी। उन्होंने जानकारी दी कि पूर्व में इन क्षेत्रों में प्रति बीघा लगभग आठ बोरी गेहूं का उत्पादन होता था, जो एनीकट निर्माण के बाद बढ़कर प्रति बीघा दस बोरी तक पहुंचने की संभावना है। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और क्षेत्र में कृषि विकास को गति मिलेगी।

उन्होंने बताया कि कानुडा तालाब क्षेत्र में लगभग 800 बीघा तथा सातोला तालाब क्षेत्र में करीब 500 बीघा भूमि पर कृषि कार्य होता है। जलस्तर में सुधार होने से इन दोनों क्षेत्रों के किसानों को सीधा लाभ मिलेगा और उत्पादन क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। निरीक्षण के दौरान विधायक कोठारी ने कानुडा तालाब से मुख्य राजमार्ग को जोड़ने वाली सड़क की जर्जर स्थिति पर भी गंभीरता जताई और सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को तत्काल सड़क निर्माण के निर्देश दिए।

इसके पश्चात विधायक कोठारी ने आवरी माता मंदिर से औद्योगिक क्षेत्र के मध्य से गुजर रही मेजा नहर के मरम्मत कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को मरम्मत कार्य में उच्च गुणवत्ता की सामग्री उपयोग में लेने के निर्देश देते हुए कहा कि आमजन के हितों से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने शहरी क्षेत्र से गुजर रही मेजा नहर के दोनों ओर सुरक्षा दीवार जाली सहित निर्माण करने के निर्देश भी दिए, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना को रोका जा सके।

निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता, अधिशाषी अभियंता, सहायक अभियंता एवं गुणवत्ता नियंत्रक विभाग अजमेर के अधिकारी उपस्थित रहे। इस मौके पर रामेश्वर लाल छीपा, एडवोकेट अर्पित कोठारी, विश्व नाथ प्रताप सिंह, नोरत मल पानगडिया, सत्य नारायण गुग्गड़, रघु नैनावटी, दिनेश सुथार, हरिओम मारू, अरुण बिश्नोई, दीपक कुमार सहित अनेक ग्रामीण एवं क्षेत्रवासी भी मौजूद रहे।

विधायक के इस निरीक्षण को क्षेत्र में जल प्रबंधन सुधार, कृषि उत्पादन वृद्धि और आधारभूत संरचना के सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story