भीषण गर्मी के बीच विधायक ने जोधड़ास आरओबी और मानसरोवर झील के कार्यों का जायजा लेकर अधिकारियों को समय सीमा में काम पूरा करने के निर्देश दिए।

भीषण गर्मी, नौतपा और 44 डिग्री तापमान के बावजूद भीलवाड़ा शहर विधायक Ashok Kothari जनहित से जुड़े विकास कार्यों की सतत मॉनिटरिंग में सक्रिय रहे। जनहित के कार्यों को गति देने के उद्देश्य से उन्होंने लगातार दो दिनों तक नगर विकास न्यास की विभिन्न निर्माणाधीन परियोजनाओं का मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश दिए।

इसी क्रम में बुधवार को विधायक कोठारी ने अपनी टीम एवं नगर विकास न्यास के अधिकारियों के साथ भीलवाड़ा-अजमेर मार्ग स्थित निर्माणाधीन जोधड़ास रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) का निरीक्षण किया और कार्य प्रगति का जायजा लिया। साथ ही जोधड़ास हाई लेवल ब्रिज, जो पूर्व सरकार के समय अधूरा रह गया था, उसके लिए भूमि अधिग्रहण तथा संपर्क सड़कों के डामरीकरण के निर्देश दिए गए, ताकि पालड़ी और गोविंदपुरा के निवासियों को सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जोधड़ास ओवरब्रिज के 90 मीटर लंबे महत्वपूर्ण स्ट्रक्चर के निर्माण हेतु डिजाइन एवं नक्शा रेलवे विभाग को स्वीकृति के लिए भेजा गया है तथा आगामी 15 दिनों में स्वीकृति मिलने की संभावना है। इसके बाद निर्माण कार्य और तेज गति से आगे बढ़ सकेगा।

विधायक कोठारी ने स्पष्ट कहा कि वर्ष 2018 से लंबित इस परियोजना को अब और विलंबित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने निर्माण एजेंसी को गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि आरओबी का निर्माण इसी वर्ष सितंबर माह के अंत तक पूर्ण कर आमजन को राहत प्रदान की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि विधायक बनने के बाद उन्होंने इस परियोजना को प्राथमिकता में रखकर राज्य सरकार एवं विधानसभा में मजबूती से उठाया, जिसके बाद परियोजना को गति मिली।

उन्होंने आगे कहा कि राज्य के नगरीय विकास मंत्री ने भी मौके का निरीक्षण कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए थे, जिसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई दे रहे हैं।

नौतपा की भीषण गर्मी के बीच विधायक कोठारी ने मानसरोवर झील, नगर वन, सांगानेर पुलिया, रोडवेज से कोठारी नदी तक निर्माणाधीन नाला, केशव पोरवाल हॉस्पिटल के पीछे निर्माणाधीन पुलिया सहित अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। सांगानेर से भीलवाड़ा शहर को जोड़ने वाली कोठारी नदी पुलिया को भी सितंबर माह तक पूर्ण कर आवागमन शुरू करने के निर्देश दिए गए, साथ ही दोनों ओर संपर्क सड़कों को भी पूर्ण करने के आदेश दिए गए।

मंगलवार को सबसे पहले विधायक मानसरोवर झील पहुंचे, जहां मार्च माह से चल रहे जलकुंभी हटाने के कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों एवं ठेकेदार को आगामी एक माह में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के प्रथम बजट में मानसरोवर झील के सौंदर्यीकरण हेतु 20 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

इसके पश्चात उन्होंने Mansarovar Lake क्षेत्र के नगर वन का निरीक्षण किया, जहां लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य प्रगति पर हैं। विधायक ने वर्षा ऋतु से पूर्व अधिकाधिक पौधारोपण तथा पौधों के संरक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि शहर को स्वच्छ एवं हरित वातावरण मिल सके।

निरीक्षण के दौरान विधायक कोठारी किशनावतों की खेड़ी स्थित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पहुंचे, जहां 57 लाख रुपये की लागत से चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन कर सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों को गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके बाद उन्होंने नेहरू विहार स्थित मुख्यमंत्री जन आवास योजना के अंतर्गत निर्मित 2 बीएचके के 368 तथा 1 बीएचके के 448 आवासों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी आवास उच्च गुणवत्ता एवं आवश्यक सुविधाओं से युक्त बनाए जाएं, ताकि आमजन को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध हो सके।

अंत में विधायक कोठारी ने केशव पोरवाल क्षेत्र में निर्माणाधीन पुलिया का निरीक्षण किया और कार्य शीघ्र पूर्ण कर आमजन के लिए शुरू करने के निर्देश दिए। यह पुलिया पालड़ी ग्राम को मुख्य शहर से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण मार्ग है। निरीक्षण के दौरान पुलिया के ऊपर से गुजर रही 15 किलोवाट हाईटेंशन लाइन को हटाने के लिए मौके पर ही अजमेर विद्युत वितरण निगम के अधिकारियों को बुलाकर शीघ्र शिफ्टिंग के निर्देश दिए गए।

निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक अधिकारी एडवोकेट अर्पित कोठारी, देवीलाल गुर्जर, सत्य नारायण गूगड़, गजेंद्र सिंह राठौड़, दिनेश सुथार, राहुल नायक, बादल सिंह राठौड़, दीपक सिंह, रणजीत सिंह तथा नगर विकास न्यास के अतिरिक्त मुख्य अभियंता संजय माथुर, अधीक्षण अभियंता ऋषिकेश मीणा, अधिशासी अभियंता राजू बढारिया, रामप्रसाद जाट, सहायक अभियंता रोहित चौबीसा, रोहन अजमेरा सहित अन्य अधिकारी, ठेकेदार एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story