दिव्यांगजनों को राहत दिलाने में विधायक कोठारी के प्रयास, 23 अगस्त के स्नेह मिलन में जुटेंगे दिव्यांग
भीलवाड़ा में विधायक अशोक कुमार कोठारी के प्रयासों से दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं का लाभ और सुविधाएं मिल रही हैं। 23 अगस्त को हरि शेवा धाम में होने वाले कार्यकर्ता स्नेह मिलन में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन शामिल होंगे।

भीलवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में दिव्यांग भाई-बहनों की समस्याओं के समाधान और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विधायक अशोक कुमार कोठारी की ओर से किए जा रहे प्रयासों से दिव्यांगजनों में उत्साह है। आगामी 23 अगस्त को हरि शेवा धाम में होने वाले कार्यकर्ता स्नेह मिलन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दिव्यांगजन शामिल होकर विधायक कोठारी के प्रति आभार व्यक्त करेंगे।
युवा, उत्साही समाजसेवी दिव्यांग बंधु सत्यनारायण गूगड ने विधायक श्री कोठारी को सहज, सरल और सेवाभावी बताते हुए कहा कि वे दिव्यांग भाइयों के लिए प्रेरणा के पुंज हैं। उन्होंने सभी दिव्यांग भाइयों से आह्वान किया कि कार्यकर्ता स्नेह मिलन में अधिकतम संख्या में उपस्थित होकर विधायक श्री कोठारी के प्रति अपनी कृतज्ञता प्रकट करें।
दिव्यांगजनों को मार्गदर्शन देने और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए विधायक कार्यालय में प्रतिदिन दोपहर 12:30 से 2:00 बजे तक विशेष व्यवस्था की गई है। दिव्यांग संयोजक पवन लोढ़ा एवं सहसंयोजक अभिषेक जैन के माध्यम से दिव्यांग भाई-बहनों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
विधायक कोठारी के प्रयासों से दिव्यांग स्कूटर योजना के माध्यम से विधायक कोटे से 105 दिव्यांग साथियों को स्कूटर उपलब्ध कराई गई हैं। इसके साथ ही पूर्व विधायक द्वारा स्वीकृत स्कूटी योजना में आ रही समस्याओं का भी विधायक कोठारी ने निराकरण करवाकर दिव्यांगजनों को योजना का लाभ दिलाया।
जिले के विभिन्न क्षेत्रों से राजकीय महात्मा गांधी चिकित्सालय आने वाले दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए सुगम स्थान पर कमरा नंबर 92 में दिव्यांग हेल्पलाइन की स्थापना करवाने की पहल की गई है। इसका उद्देश्य दिव्यांगजनों को चिकित्सालय में आवश्यक जानकारी और सहायता आसानी से उपलब्ध कराना है।
नगर निगम भीलवाड़ा में पहले जन आधार एवं पेंशन आवेदन संबंधी कार्य प्रथम तल स्थित कमरा नंबर 125 में होता था। दिव्यांगजनों एवं आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इसे धरातल पर कमरा नंबर 23 में स्थापित करवाया गया, जिससे विशेष आवश्यकता वाले लोगों को ऊपरी मंजिल पर जाने की परेशानी से राहत मिली।
विधायक कोठारी की ओर से लोकसभा, विधानसभा, नगर पालिका, नगर निगम, पंचायत एवं अन्य आम चुनावों में दिव्यांगजनों को भी प्रतिनिधित्व एवं आरक्षण का अवसर प्रदान करने के संबंध में केंद्र एवं राज्य सरकार को अवगत कराया गया है। इसके अलावा दिव्यांगजनों को रियायती दर पर आवास, भूखंड एवं कियोस्क आवंटन सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं।
दिव्यांगजनों को दिव्यांग पेंशन, विवाह अनुदान, ऋण योजना, पालनहार योजना, रियायती रेल पास, निःशुल्क रोडवेज यात्रा पास, ट्राई साइकिल, कैलीपर, श्रवण यंत्र, बैसाखी, व्हीलचेयर, खेलकूद सामग्री एवं छात्रवृत्ति सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए भी मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
विधायक अशोक कुमार कोठारी के इन प्रयासों को लेकर दिव्यांगजनों में व्यापक उत्साह है। दिव्यांगजनों का कहना है कि उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से सुनने और उनके समाधान के लिए विधायक कार्यालय में उपलब्ध व्यवस्था से उन्हें काफी सहूलियत मिल रही है। इसी उत्साह के साथ 23 अगस्त को हरि शेवा धाम में सायं 4 बजे होने वाले कार्यकर्ता स्नेह मिलन कार्यक्रम में दिव्यांग भाई-बहन बड़ी संख्या में भाग लेंगे।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
