भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने प्रदेश की पंजीकृत गौशालाओं से जुड़े कार्यों को राजस्थान लोक सेवा गारंटी अधिनियम-2011 के दायरे में लाने की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत को पत्र लिखकर गौशालाओं को निर्धारित समयसीमा में भूमि आवंटित करने और विभिन्न श्रेणियों के गौवंश के लिए देय अनुदान राशि का समय पर भुगतान सुनिश्चित करने का आग्रह किया है।

विधायक कोठारी ने पत्र में बताया कि प्रदेश में गौवंश के संवर्द्धन, संरक्षण और गौपालन के लिए अनेक सामाजिक संगठन एवं संस्थाएं काम करना चाहती हैं। हालांकि, भूमि आवंटन में देरी और अनुदान राशि का समय पर भुगतान नहीं होने से इन संस्थाओं की कार्य करने की रुचि प्रभावित होती है। इसका असर गौसेवा और गौसंरक्षण से जुड़े प्रयासों की गति पर भी पड़ता है।

कोठारी ने इस मुद्दे को विधानसभा के तृतीय सत्र में भी उठाया था। उन्होंने गौशालाओं से संबंधित कार्यों को राजस्थान लोक सेवा गारंटी अधिनियम, 2011 में शामिल करने के संबंध में तारांकित प्रश्न लगाया था। इसके जवाब में जन अभियोग निराकरण विभाग के शासन उपसचिव ने बताया था कि पंजीकृत गौशालाओं को भूमि आवंटन तथा विभिन्न श्रेणियों के गौवंश के लिए देय अनुदान राशि का निश्चित समयावधि में भुगतान सुनिश्चित करने के लिए इन सेवाओं को अधिनियम के अंतर्गत जोड़ने का प्रस्ताव विभागीय स्तर पर विचाराधीन नहीं है। जवाब में यह भी स्पष्ट किया गया था कि संबंधित विभाग से समुचित प्रस्ताव प्राप्त होने पर सेवाओं को अधिसूचित करने की प्रक्रिया अपनाई जाती है।

विधायक ने कहा कि प्रदेश में गौशालाओं को भूमि आवंटन के कई प्रकरण लंबे समय से लंबित हैं। भूमि आवंटन में देरी होने से गौशालाओं को मिलने वाले अनुदान और अन्य कार्य भी प्रभावित होते हैं। ऐसे में गौपालन संस्थाओं को समय पर भूमि उपलब्ध करवाने के साथ अनुदान राशि का निर्धारित समयावधि में भुगतान सुनिश्चित करना जरूरी है।

उन्होंने पशुपालन मंत्री जोराराम कुमावत से आग्रह किया कि गौपालन, गौसंवर्द्धन और गौसंरक्षण को प्रोत्साहित करने के लिए गौशालाओं को भूमि आवंटन तथा विभिन्न श्रेणियों के गौवंश के लिए देय अनुदान भुगतान से संबंधित सेवाओं को राजस्थान लोक सेवा गारंटी अधिनियम, 2011 के अंतर्गत शामिल किया जाए। इसके लिए उन्होंने विभागीय स्तर पर प्रस्ताव तैयार करवाकर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

कोठारी ने विश्वास जताया कि इस पहल से गौशालाओं से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित होगी तथा प्रदेश में गौसेवा एवं गौसंरक्षण के प्रयासों को गति मिलेगी।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story