भीलवाड़ा के शम्भूगढ़ और रायला थाना क्षेत्र के सीमावर्ती इलाके में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब रानीखेड़ा गांव के सुनसान जंगल में एक 30 वर्षीय विवाहिता का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। महिला पिछले पांच दिनों से अपने ससुराल से लापता थी। शव मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। प्रारंभिक आशंका के अनुसार शव करीब चार दिन पुराना बताया जा रहा है।

मामले में मृतका के पति ने एक नामजद आरोपी पर अपनी पत्नी के साथ गलत काम (दुष्कर्म) करने के बाद उसकी बेरहमी से हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य संदिग्ध को हिरासत में ले लिया है।

पुलिस के अनुसार, शम्भूगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता 9 जुलाई को अचानक अपने ससुराल से लापता हो गई थी। परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद 10 जुलाई को पीड़ित पति ने शम्भूगढ़ थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में उसने जगदीश नाम के व्यक्ति पर अपनी पत्नी को बहला-फुसलाकर ले जाने का संदेह जताया था। इसके बाद से पुलिस महिला की तलाश में जुटी हुई थी।

मंगलवार को रायला थाना क्षेत्र के रानीखेड़ा के जंगल में ग्रामीणों ने एक महिला का शव देखा, जिससे तेज दुर्गंध आ रही थी। सूचना मिलने पर रायला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव के हुलिए और कपड़ों के आधार पर इसकी सूचना शम्भूगढ़ पुलिस को दी गई।

शम्भूगढ़ पुलिस ने मृतका के पति को मौके पर बुलाया, जिसने कपड़ों और हुलिए के आधार पर शव की पहचान अपनी पत्नी के रूप में की। शव करीब चार दिन पुराना होने के कारण काफी सड़ चुका था, जिससे घटनास्थल का दृश्य बेहद भयावह था।

इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर रायला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। वहां मृतका के पति ने पुलिस को लिखित रिपोर्ट देकर आरोपी जगदीश पर गंभीर आरोप लगाए। पति का आरोप है कि जगदीश उसकी पत्नी को अगवा कर ले गया, उसके साथ गलत काम किया और बाद में उसकी हत्या कर शव को जंगल में फेंक दिया।

पति की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी जगदीश को राउंडअप (डिटेन) कर लिया। फिलहाल उससे कड़ाई से पूछताछ की जा रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम सामान्य प्रक्रिया के बजाय मेडिकल बोर्ड से कराया है। शम्भूगढ़ पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम की विस्तृत रिपोर्ट और हिरासत में लिए गए आरोपी से गहन पूछताछ के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों तथा पूरे घटनाक्रम का खुलासा हो सकेगा।

फिलहाल पुलिस हत्या और दुष्कर्म के आरोपों के सभी पहलुओं की गहन जांच में जुटी हुई है। इस वारदात के बाद पूरे इलाके में आक्रोश और खौफ का माहौल बना हुआ है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story