भीलवाड़ा। जिले में बुधवार का दिन दो परिवारों के लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं रहा। लाडपुरा और भीलवाड़ा शहर में दो मासूमों के लापता होने की खबरों ने पुलिस और परिजनों की धडक़नें बढ़ा दीं। गनीमत रही कि भारी मशक्कत और सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों ही बच्चे सुरक्षित मिल गए, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।

केस 1: लाडपुरा में खोया पोता घर के अंदर ही मिला

मांडलगढ़ थाना पुलिस के अनुसार, लाडपुरा कस्बे में बुधवार दोपहर एक छह वर्षीय बालक घर में खेल रहा था। उस वक्त घर पर केवल उसकी दादी थी, जबकि मां मजदूरी पर और अन्य परिजन खेत गए थे। दादी घर के बाहर बैठी थी, तभी बालक उनकी आंखों से ओझल हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब बच्चा नहीं मिला, तो पूरे गांव में हडक़ंप मच गया। सूचना मिलने पर मांडलगढ़ थाना प्रभारी घनश्यामसिंह मीणा व चौकी प्रभारी रामसिंह मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और ढाई घंटे तक सघन सर्च अभियान चलाया। आखिर में जब पुलिस ने घर के अंदर एक चारपाई के नीचे रखे पालने को खींचकर बाहर निकाला, तो बालक कपड़ों के बीच गहरी नींद में सोया हुआ मिला। यह देखते ही परिजनों के चेहरे पर खुशी लौट आई।

केस 2: प्रताप नगर में 2 घंटे तक लापता रहा मासूम

ऐसी ही एक अन्य घटना शहर के प्रताप नगर थाना इलाके में भी सामने आई। यहाँ भी एक मासूम बालक अचानक घर से निकल गया। परिजनों ने जब उसे आसपास नहीं पाया, तो उनके हाथ-पांव फूल गए। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस और परिजन मिलकर बालक की तलाश में शहर की गलियों में जुट गए। करीब दो घंटे के तनावपूर्ण इंतजार के बाद बालक सकुशल वापस घर लौट आया, तब जाकर पुलिस प्रशासन और परिवार ने चैन की सांस ली।

हादसों ने छीनी दो जिंदगी: कीटनाशक और सडक़ दुर्घटना ने बरपाया कहर

भीलवाड़ा जिले में पिछले 24 घंटों के दौरान हुए दो अलग-अलग हादसों में एक किसान और एक बुजुर्ग की मौत हो गई। रायला क्षेत्र में जहां फसल पर दवा छिडक़ते समय एक युवक काल का ग्रास बन गया, वहीं शाहपुरा में सडक़ हादसे के घायल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है।

खेत में कीटनाशक छिडक़ाव के दौरान हादसा

रायला थाना प्रभारी मूलचंद वर्मा ने बताया कि "कुंडियाकलां निवासी भागचंद (35) पुत्र गोपी बैरवा अपने खेत पर फसल में कीटनाशक दवा का छिडक़ाव कर रहा था। इस दौरान दवा से निकली जहरीली गैस श्वांस के जरिए उसके शरीर में प्रवेश कर गई, जिससे वह अचेत होकर गिर पड़ा।" परिजन उसे आनन-फानन में राजकीय अस्पताल लेकर पहुँचे, जहाँ इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है।

उपचार के दौरान बुजुर्ग ने तोड़ा दम

दूसरी दुखद घटना शाहपुरा थाना क्षेत्र की है। एएसआई पितांबर के अनुसार, "ढाणी भावसागर निवासी मदन (62) पुत्र कल्याण धाकड़ बीती 20 फरवरी को मोपेड पर सवार होकर घर से शाहपुरा के लिए निकले थे। रास्ते में बाईपास पर एक तेज रफ्तार बाइक चालक ने उनकी मोपेड को जोरदार टक्कर मार दी।" हादसे में गंभीर रूप से घायल मदन धाकड़ को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहाँ पांच दिन चले संघर्ष के बाद उनकी मौत हो गई।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story