भीलवाड़ा: नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, दूसरी बालिका का अपहरण
रायला में एक माह तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी पकड़ा गया, वहीं सालमपुरा में कार सवार बदमाशों ने मां के सामने से किशोरी को अगवा किया।

भीलवाड़ा जिले में नाबालिग बालिकाओं के साथ अपराध के दो सनसनीखेज मामले सामने आए हैं। पहले मामले में रायला थाना पुलिस ने एक नाबालिग लड़की को अगवा कर मध्य प्रदेश ले जाने और वहां करीब एक माह तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं दूसरे मामले में पुर थाना क्षेत्र के सालमपुरा गांव में बेखौफ बदमाशों ने मां के सामने से ही उसकी नाबालिग बेटी को जबरन कार में डालकर अगवा कर लिया।
एमपी ले जाकर एक माह तक बंधक बना किया दुष्कर्म, पुलिस की गिरफ्त में आरोपित
रायला थाना प्रभारी मूलचंद वर्मा ने बताया कि जिले की रायला थाना पुलिस ने एक नाबालिग लडक़ी को अगवा कर मध्यप्रदेश ले जाने और वहां करीब एक माह तक बंधक बनाकर दुष्कर्म करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किया गया आरोपित संजय कुमार (21) पुत्र प्रेमचंद, निवासी दौलतगढ़ है। आरोपित पर आरोप है कि उसने एक नाबालिग लडक़ी का अपहरण किया और उसे मध्यप्रदेश के रामपुरिया गांव ले गया। वहां उसने एक मकान में पीडि़ता को करीब एक महीने तक बंधक बनाकर रखा और उसके साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। थाना प्रभारी ने जानकारी दी कि पुलिस ने पूर्व में ही कार्रवाई करते हुए नाबालिग बालिका को दस्तयाब (बरामद) कर लिया था, लेकिन आरोपित फरार चल रहा था। पुलिस की विशेष टीम ने दबिश देकर आरोपित संजय कुमार को अब गिरफ्तार कर लिया है और पुलिस आरोपित से गहन पूछताछ कर रही है, मामले की आगे की जांच जारी है।
मां के सामने से स्विफ्ट कार में बेटी का अपहरण, जान से मारने की धमकी
भीलवाड़ा जिले के पुर थाना क्षेत्र के सालमपुरा गांव में एक नाबालिग बालिका के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बेखौफ बदमाशों ने मां के सामने से ही उसकी बेटी को जबरन गाड़ी में डालकर अगवा कर लिया, जिससे क्षेत्र में हडक़ंप मच गया है। जानकारी के अनुसार, घटना 24 फरवरी 2026 की शाम करीब 7 बजे की है जब प्रार्थिया अपनी नाबालिग पुत्री के साथ खेत से काम कर घर लौट रही थी। रास्ते में स्कूल के पास पहले से घात लगाए बैठे सत्यनारायण विश्नोई, रामलाल, हीरा लाल और गोविंद ने अपनी स्विफ्ट कार उनके आगे अड़ा दी। कार के साथ ही एक स्कूटी और मोटरसाइकिल पर भी चार अन्य युवक सवार थे। रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी सत्यनारायण, हीरा लाल और गोविंद कार से नीचे उतरे और नाबालिग को जबरन खींचकर गाड़ी में डाल लिया।
जान से मारने की धमकी और पुलिसिया कार्रवाई
पीडि़ता की मां ने थाने पहुंचकर नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। जब मां ने अपनी बेटी को बचाने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज की और "ऐलानिया धमकी दी कि यदि पुलिस में रिपोर्ट की तो जान से मार देंगे।" प्रार्थिया ने आशंका जताई है कि आरोपी उसकी पुत्री के साथ कोई बड़ी अनहोनी या सामूहिक दुष्कर्म जैसी वारदात को अंजाम दे सकते हैं। पुर थानाधिकारी कन्हैयालाल ने बताया कि "प्रार्थिया की रिपोर्ट पर मुख्य आरोपी सत्यनारायण विश्नोई व अन्य के खिलाफ बीएनएस की धारा 126(2), 74, 137(2) और 7/8 पॉक्सो अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है।" पुलिस ने नाबालिग की बरामदगी और मुलजिमों की धरपकड़ के लिए विशेष टीमें गठित की हैं और मामले का अनुसंधान स्वयं थानाधिकारी द्वारा किया जा रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
