भीलवाड़ा: खदान में डूबने से दो बच्चों की मौत, सड़क हादसों में 3 गंवाई जान
भीलवाड़ा के कलकीपुरा में 19 घंटे के विरोध के बाद बच्चों का अंतिम संस्कार हुआ, वहीं शाहपुरा में दो हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई।

तस्वीर में भीलवाड़ा के दो मृत बच्चों दिव्यांशू सोनी और रजत जाट की फाइल तस्वीरें दिख रही हैं।
भीलवाड़ा में दो 10 वर्षीय मासूमों की मौत ने कलकीपुरा को गहरे शोक में डुबो दिया। गत 4 अक्टूबर को घर से खेलने निकले दिव्यांशू सोनी उर्फ डुग्गू और रजत जाट उर्फ भुंगड़ा के शव मंगलवार शाम पालड़ी के पास एक खदान के पानी में मिले। बुधवार दोपहर प्रशासन के साथ वार्ता और सहमति के बाद दोनों का पंचमुखी मोक्षधाम में अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान मां-बाप की सिसकियों और परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन रहा।
भीमगंज थाना प्रभारी सुनील चौधरी के अनुसार, कलकीपुरा निवासी 10 वर्षीय दिव्यांशू सोनी उर्फ डुग्गू पुत्र हेमंत सोनी और 10 साल का ही मासूम रजत जाट उर्फ भुंगड़ा गत 4 अक्टूबर की सुबह 11 से 12 बजे के बीच अपने घरों से निकले थे। देर शाम तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। हर गली और चौराहे पर तलाश के बाद भी दोनों का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद उसी रात भीमगंज थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस दोनों बच्चों की तलाश में लगातार जुटी रही।
मंगलवार शाम करीब पांच बजे सुभाषनगर थाना क्षेत्र में पालड़ी के पास एक खदान में बच्चों के शव मिलने की सूचना मिली। खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। डीएसपी समेत तमाम आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। खदान के पानी से दोनों बच्चों के शव बाहर निकाले गए। परिजनों ने उनकी शिनाख्त की तो मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया।
शव मोर्चरी पहुंचने के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का आक्रोश सामने आया। पीड़ित परिवारों को न्याय और उचित सहायता दिलाने सहित अन्य मांगों को लेकर लोग मोर्चरी के बाहर धरने पर बैठ गए। रातभर धरना और संघर्ष चला। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे तहसीलदार और पुलिस अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल के साथ लंबी वार्ता की।
प्रशासनिक अधिकारियों और प्रतिनिधिमंडल के बीच सरकारी सहायता तथा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग पर सहमति बनी। इस दौरान एक बालक के दस्तावेजों को लेकर कुछ समय के लिए असमंजस की स्थिति भी बनी, लेकिन जनवेदना और हालात को देखते हुए इसे भी सुलझा लिया गया। करीब 19 घंटे के संघर्ष के बाद अंतिम संस्कार का रास्ता साफ हुआ।
मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी होने के बाद दोनों मासूमों के शव कलकीपुरा पहुंचे। शव पहुंचते ही परिजनों का विलाप और सिसकियां गूंज उठीं। दोनों बच्चों के शव उनके घरों के बजाय सीधे पंचमुखी मोक्षधाम ले जाए गए, जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया। खेलने की उम्र में दो मासूम जिंदगियों के इस तरह थम जाने से कलकीपुरा की गलियों में शोक का माहौल है।
इसी बीच भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम और बुधवार सुबह हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक बुजुर्ग और दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एक ही गांव के दो नौजवानों की अचानक मौत से सरदारपुरा गांव में शोक छा गया।
शाहपुरा थाने के सहायक उप निरीक्षक गोपाललाल ने बताया कि सरदारपुरा (अरनिया घोड़ा) निवासी देवनारायण उर्फ देवकिशन (28) पुत्र रामा बैरवा, रामेश्वर (25) पुत्र रतन दरोगा और धनराज (25) पुत्र रामकिशन बैरवा मंगलवार देर शाम शाहपुरा से बाइक पर सवार होकर गांव लौट रहे थे। फूलिया गेट के आगे मोक्षद्वार के सामने विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में देवनारायण ने शाहपुरा अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। रामेश्वर की भीलवाड़ा जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। घायल धनराज को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बुधवार सुबह दोनों युवकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
दूसरा हादसा शाहपुरा थाना क्षेत्र में ही डूंगरी चौराहे के पास जौगणियां माता मंदिर के सामने हुआ। एएसआई पीतांबर ने बताया कि तस्वारियाखुर्द निवासी कैलाशचंद्र (73) पुत्र शंभुलाल गर्ग बुधवार सुबह करीब 7:10 बजे मोपेड से गांव से बड़ेसरा के लिए निकले थे। जौगणियां माता मंदिर के सामने पीछे से आ रहे अनियंत्रित ट्रेलर ने उनकी मोपेड को टक्कर मार दी।
हादसे में कैलाश चंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद चालक ट्रेलर मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया। शव को राजकीय अस्पताल की मोर्चरी पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर फरार ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इन घटनाओं ने भीलवाड़ा में एक ओर दो मासूमों की मौत से परिवारों और बस्तियों को गहरे शोक में डुबो दिया, वहीं शाहपुरा क्षेत्र में अलग-अलग सड़क हादसों में तीन जिंदगियां खत्म होने से सरदारपुरा सहित संबंधित परिवारों में मातम पसरा है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
