भीलवाड़ा। वस्त्रनगरी के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल, महात्मा गांधी चिकित्सालय (एमजीएच) में एम्बुलेंस माफिया की गुंडागर्दी और लूटखसोट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खुद को 'हिंदू संगठन' का बताकर सहानुभूति बटोरने वाले दो सगे भाइयों ने न केवल एक बेबस तीमारदार को ठगा, बल्कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट कर सोने की चेन लूट ली और बीच-बचाव करने आई महिला के साथ भी सरेआम बदसलूकी की। न्याय की उम्मीद में दर-दर भटक रहे पीडि़त ने अब जिला कलेक्टर की चौखट पर गुहार लगाई है।

सोनीयाणा (सहाड़ा) निवासी सुनील जाट ने जिला कलेक्टर को सौंपे परिवाद में बताया कि उसकी पत्नी रतनी जाट एमजीएच में गंभीर हालत में भर्ती थी। डॉक्टरों द्वारा उदयपुर रेफर किए जाने के दौरान आनंद शर्मा उर्फ आलू और उसके भाई दीपक शर्मा ने उसे घेर लिया। आरोपियों ने खुद को हिंदू संगठन का कार्यकर्ता बताकर सांप्रदायिक कार्ड खेला और कहा कि वे "मुस्लिम समुदाय के लोगों से 10 हजार लेते हैं, लेकिन तुम हिंदू हो इसलिए केवल 4 हजार दे दो।" बदहवास सुनील ने आरोपियों की बातों में आकर 4 हजार रुपये थमा दिए।

रुपये ऐंठने के बाद आरोपियों ने ऑक्सीजन और नर्सिंग स्टाफ के नाम पर 12 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग शुरू कर दी। जब सुनील ने असमर्थता जताते हुए अपने पैसे वापस मांगे और 108 एम्बुलेंस से जाने की बात कही, तो दोनों भाई हैवानियत पर उतर आए। आरोपियों ने सुनील के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसके गले से एक तोला सोने की चेन लूट ली। इस दौरान सुनील को बचाने आई उसकी बड़ी सास अन्नु देवी को भी आरोपियों ने नहीं बख्शा। आरोप है कि दोनों भाइयों ने महिला की चोटी पकडक़र घसीटा और गलत नीयत से हाथ लगाकर उसकी लज्जा भंग की।

हैरानी की बात यह है कि इतनी संगीन वारदात और सरेराह लूटपाट के बावजूद भीमगंज थाना पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया है। पुलिस की इसी सुस्ती और लापरवाही से परेशान होकर पीडि़त को सीधे कलेक्टर से न्याय की मांग करनी पड़ी। एमजीएच के बाहर सक्रिय यह माफिया न केवल मरीजों की मजबूरी का फायदा उठा रहा है, बल्कि अब सरेआम अपराधों को अंजाम देकर अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती दे रहा है। पीडि़त ने दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी, लूटी गई चेन व नकदी की बरामदगी और लापरवाह पुलिसकर्मियों के खिलाफ जांच की मांग की है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story