भीलवाड़ा। महात्मा गांधी अस्पताल परिसर स्थित मातृ एवं शिशु चिकित्सालय में उपचार के लिए दूर-दराज़ से आने वाले मरीजों के परिजनों को अब रात गुजारने के लिए फर्श या खुले प्रांगण में सोने की परेशानी से राहत मिलेगी। हरि शेवा उदासीन आश्रम सनातन मंदिर के महामंडलेश्वर स्वामी हंसराम जी उदासीन महाराज की पहल पर अस्पताल परिसर में ‘हरि शेवा छाया’ के तहत रात्रि विश्राम सेवा शुरू की गई है। इस सेवा का उद्देश्य अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों के परिजनों को सुरक्षित और सम्मानजनक विश्राम की सुविधा उपलब्ध कराना है।

हरि शेवा धर्मशाला की ओर से इस व्यवस्था के लिए 100 गद्दे, 100 गर्म कंबल, 100 तकिये खोली और कवर सहित तथा 100 स्वच्छ चादरें भेंट की गई हैं। इसके साथ ही एक फोटोकॉपी मशीन और एक विशाल व सुदृढ़ लकड़ी का तख्त भी उपलब्ध कराया गया है। आगामी सर्दी के मौसम को ध्यान में रखते हुए की गई इस व्यवस्था से अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों के साथ आने वाले परिजनों को रात बिताने में सुविधा मिलेगी।

रात्रि विश्राम सेवा के शुभारंभ अवसर पर हरि शेवा उदासीन आश्रम के संत-महात्माओं का सान्निध्य रहा। कार्यक्रम में संत मायाराम जी, संत गोविंदराम जी एवं बालक मिहिर उपस्थित रहे। संतों ने इस पहल को प्रभु सेवा का अनुपम स्वरूप बताते हुए कहा कि संकट की घड़ी में अस्पताल पहुंचने वाले असहाय लोगों को आश्रय देना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ चालक चाँदमल सोमानी, सिंधी सेंट्रल पंचायत के महामंत्री चंद्रप्रकाश चंदनानी, उपाध्यक्ष रमेश खोतानी, कोषाध्यक्ष अनिल झामनानी, सासंद प्रवक्ता विनोद झूरानी, धर्मशाला के सचिव हेमंत वच्छानी, प्राचार्य श्याम लाल सांगावात, ईश्वर लाल आसनानी, अम्बालाल नानकानी और पल्लवी वच्छानी सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। सभी उपस्थितजनों ने हरि शेवा उदासीन आश्रम के इस परोपकारी कदम की सराहना की।

विश्राम स्थल पर स्वच्छता, अनुशासन और शुचिता बनाए रखने के साथ परिजनों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो, इसके लिए वरिष्ठ समाजसेवी हेमन उस्ताद और उनके समर्पित सहयोगी हरीश राजवानी को नियमित व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। हेमन उस्ताद अपनी टीम के साथ यहां ठहरने वाले परिजनों की सहायता करेंगे और उपलब्ध सामग्री के सुव्यवस्थित रखरखाव पर ध्यान देंगे।

विश्राम के लिए आने वाले परिजनों को आधार कार्ड की कॉपी जमा कराने पर न्यूनतम 20 रुपये के सुविधा शुल्क में एक सेट बिस्तर सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। यह राशि केवल सामग्री की स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से ली जाएगी।

हरि शेवा उदासीन आश्रम लंबे समय से एमजी अस्पताल में विभिन्न सेवा प्रकल्पों के माध्यम से जरूरतमंदों की सहायता करता रहा है। भीषण गर्मी के दौरान अस्पताल आने वाले मरीजों और आगंतुकों के लिए आश्रम की ओर से पहले ही वाटर कूलर, बड़े कूलर और पंखों की व्यवस्था स्थापित की गई थी। इसके अतिरिक्त, समय-समय पर अस्पताल परिसर में जरूरतमंद मरीजों और उनके परिजनों को पौष्टिक भोजन भी वितरित किया जाता है।

स्वास्थ्य, अन्नदान और आश्रय से जुड़े इन सेवा कार्यों के माध्यम से हरि शेवा उदासीन आश्रम अस्पताल आने वाले जरूरतमंद लोगों की सहायता में अपनी भूमिका निभा रहा है। ‘हरि शेवा छाया’ में रात्रि विश्राम सेवा की शुरुआत से दूर-दराज़ से उपचार के लिए आने वाले मरीजों के परिजनों को ठहरने की सुविधा मिलेगी और बिस्तर सामग्री की उपलब्धता से उन्हें विशेष राहत मिलेगी।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story