भीलवाड़ा के स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए राज्य सरकार ने महात्मा गांधी चिकित्सालय के विकास के लिए 12 करोड़ 71 लाख 10 हजार रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। यह स्वीकृति भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी की अनुशंसा पर मिली है, जिससे अस्पताल की अधूरी पड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिलेगी और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।

स्वीकृत राशि में से 6 करोड़ 57 लाख 10 हजार रुपये नवीन आईपीडी भवन के लिए आवश्यक मेडिकल उपकरणों, फर्नीचर तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर खर्च किए जाएंगे। वहीं 6 करोड़ 14 लाख रुपये अस्पताल परिसर में विद्युत तारों को अंडरग्राउंड करने के कार्य पर व्यय किए जाएंगे, जिससे विद्युत व्यवस्था अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बन सकेगी।

विधायक अशोक कुमार कोठारी ने बताया कि पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में नवीन आईपीडी भवन के निर्माण के लिए राशि स्वीकृत कर दी गई थी, लेकिन भवन के संचालन हेतु आवश्यक उपकरण, फर्नीचर एवं अन्य व्यवस्थाओं के लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध नहीं कराई गई। इसके चलते भवन निर्माण पूर्ण होने के बावजूद उसका समुचित उपयोग नहीं हो पा रहा था और परियोजना लंबे समय से अधूरी स्थिति में थी।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार के समक्ष लगातार प्रयासों और प्रभावी पैरवी के परिणामस्वरूप जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) फंड के माध्यम से आवश्यक संसाधनों के लिए 6 करोड़ 57 लाख 10 हजार रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई है। इसके साथ ही अस्पताल परिसर में विद्युत लाइनों को अंडरग्राउंड करने के लिए भी 6 करोड़ 14 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

कोठारी ने कहा कि आगामी कुछ महीनों में नवीन आईपीडी भवन को पूर्ण रूप से संचालित कर दिया जाएगा। इसके शुरू होने से मरीजों को मल्टीस्पेशियलिटी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी, अस्पताल की उपचार क्षमता में वृद्धि होगी तथा भीलवाड़ा जिले सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों मरीजों को इसका प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

उन्होंने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री एवं चिकित्सा विभाग का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भीलवाड़ा में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के लिए आगे भी निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। यह स्वीकृति न केवल अस्पताल के बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी, बल्कि क्षेत्र के लोगों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगी।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story