भीलवाड़ा। जिले के बावलास गांव में 78 वर्षीय बुजुर्ग साहूकार शोभालाल जैन की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए वारदात में शामिल सह-आरोपी नारायण पुत्र बाबूलाल सरगरा (35), निवासी अड़सीपुरा, को उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार इस पूरे हत्याकांड का मास्टरमाइंड साहूकार का मुनीम रोशन गुर्जर है, जो अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

जांच में सामने आया कि मुनीम रोशन गुर्जर की नजर साहूकार की करोड़ों रुपये की संपत्ति और बैंक खाते में जमा 70 लाख रुपये पर थी। इसी लालच में उसने अपने दोस्त नारायण सरगरा को हत्या में शामिल होने के लिए 10 लाख रुपये देने का लालच दिया। पुलिस के अनुसार नारायण पर एक-दो लाख रुपये का कर्ज था, जिसका फायदा उठाकर रोशन ने उसे इस साजिश में शामिल कर लिया।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि 16 जुलाई को रोशन गुर्जर ने पहली बार साहूकार शोभालाल जैन की हत्या की योजना बनाई थी। वह उन्हें ऑल्टो कार से सांवलिया जी के दर्शन कराने ले गया था, लेकिन उस समय साहूकार के भाई भी साथ होने के कारण वह अपने मंसूबे पूरे नहीं कर सका और योजना विफल हो गई।

पहली कोशिश नाकाम रहने के बाद 19 जुलाई को रोशन गुर्जर ने दोबारा योजना बनाई। वह अपने साथी नारायण सरगरा के साथ बुजुर्ग साहूकार को सिरियारी स्थित जैन तीर्थ स्थल पर दर्शन कराने के बहाने लेकर गया। दर्शन के बाद लौटते समय बेमाली के पास चलती कार में ही रोशन ने कथित रूप से शोभालाल जैन का गला घोंट दिया और उनकी आवाज दबाने के लिए मुंह पर टेप चिपका दिया।

वारदात के बाद दोनों आरोपी शव को कटारिया खेड़ा के पास स्थित एक कुएं तक ले गए। पुलिस के अनुसार उन्होंने मृतक के हाथ-पैर रस्सियों से बांधे, शव के साथ सीमेंट का भारी खंभा बांधा और उसे कुएं में फेंक दिया, ताकि घटना के सबूत छिपाए जा सकें। इसके बाद दोनों आरोपी अपने-अपने घर लौट गए।

घटना के अगले दिन सह-आरोपी नारायण पहले भीलवाड़ा स्थित अपने ससुराल गया और वहां से मध्य प्रदेश के विदिशा में अपने कार्यस्थल लौट गया। इस बीच कुएं में शव मिलने की खबर सोशल मीडिया पर फैलने और पिता के फोन आने पर उसने हत्या में शामिल होने से इनकार कर दिया। इसके बाद वह कोटा पहुंचा, अपने बच्चों को इको कार से गांव भेजा और स्वयं उदयपुर में एक परिचित ट्रक चालक के पास जाकर छिप गया।

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर नारायण तक पहुंच बनाई। बागोर थाना पुलिस ने उसे उदयपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उससे मामले में पूछताछ की जा रही है।

इस मामले में मुख्य आरोपी और कथित मास्टरमाइंड रोशन गुर्जर अभी भी फरार है। एसपी सागर राणा के निर्देश पर एएसपी राहुल जोशी तथा बागोर थाना प्रभारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस का मानना है कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस जघन्य हत्याकांड से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आ सकते हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story