गंगापुर, भीलवाड़ा। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, राजस्थान में सहायक जनसंपर्क अधिकारी (एपीआरओ) के पद पर कार्यरत और मूलतः गंगापुर कस्बे की निवासी मीनल जीनगर ने शैक्षणिक क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए पीएच.डी. (डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी) की उपाधि प्राप्त की है। उन्हें यह उपाधि आई.आई.एस. (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), जयपुर द्वारा प्रदान की गई है।

मीनल जीनगर, डॉ. मोहित जीनगर की धर्मपत्नी तथा श्रीमती उमा जीनगर एवं सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, जयपुर में मुख्य फोटो अधिकारी छोटूलाल जीनगर की पुत्री हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गंगापुर क्षेत्र तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग से जुड़े लोगों में हर्ष का माहौल है।

मीनल जीनगर ने व्यवहारिक विज्ञान संकाय के मनोविज्ञान विभाग में अपना शोध कार्य पूरा किया। उनके शोध का विषय “किशोरों के कल्याण के पूर्वानुमानक के रूप में भावनात्मक बुद्धिमत्ता, आध्यात्मिक बुद्धिमत्ता और प्रज्ञा: मनोवैज्ञानिक पूंजी के माध्यम से प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष प्रभाव” था।

उन्होंने यह शोध कार्य डॉ. वंदना नांगलू के मार्गदर्शन में पूर्ण किया। शोध के दौरान किशोरों के मानसिक एवं भावनात्मक कल्याण, भावनात्मक बुद्धिमत्ता, आध्यात्मिक बुद्धिमत्ता, प्रज्ञा तथा मनोवैज्ञानिक पूंजी जैसे महत्वपूर्ण मनोवैज्ञानिक पहलुओं का अध्ययन किया गया।

विश्वविद्यालय के कुलपति द्वारा उनकी पीएच.डी. की उपाधि का अनुमोदन किया गया। इसके बाद उन्हें मनोविज्ञान विषय में डॉक्टरेट की उपाधि प्रदान की गई।

मीनल जीनगर की इस उपलब्धि पर उनके परिजनों, मित्रों, सहकर्मियों एवं क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में अपनी जिम्मेदारियों के साथ उच्च शिक्षा एवं शोध के क्षेत्र में यह उपलब्धि हासिल करना उनके लिए विशेष गौरव का विषय माना जा रहा है।

Next Story