भीलवाड़ा, 16 अप्रैल। सामान्यतः किसी बड़े आयोजन से पूर्व व्यवस्थाओं के लिए श्रमदान की परंपरा रही है, किंतु आयोजन की पूर्णता के पश्चात भी सरकारी तंत्र की प्रतीक्षा किए बिना स्थल को पुनः स्वच्छ और मूल स्वरूप में लाने का उत्तरदायित्व निभाना एक विरल उदाहरण पेश करता है। ऐसा ही अनुकरणीय दृश्य गुरुवार सुबह भीलवाड़ा के न्यू आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में देखने को मिला। उल्लेखनीय है कि इस मैदान में 8 से 14 अप्रैल तक संकटमोचन हनुमान मंदिर के महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज के सानिध्य में पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारबिंद से श्री शिव महापुराण कथा का ऐतिहासिक आयोजन संपन्न हुआ था, जिसमें लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड़े थे। कथा विराम के पश्चात जहाँ श्रद्धालु अपने गंतव्य को रवाना हुए और टेंट कर्मचारी पांडाल खोलने में जुटे, वहीं मैदान में फैले कूड़े-करकट को साफ करने का बीड़ा श्री शिव महापुराण कथा आयोजन समिति के अध्यक्ष व भीलवाड़ा विधायक अशोक कुमार कोठारी ने उठाया। विधायक के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता और श्रद्धालु गुरुवार सुबह ही मैदान पहुंच गए और उत्साह व लगन के साथ स्वच्छता मुहिम का हिस्सा बने।

समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी सहित वरिष्ठ पदाधिकारियों की उपस्थिति में करीब एक घंटे तक चले इस सघन श्रमदान अभियान के माध्यम से मैदान के एक विशाल क्षेत्र से कचरा हटाया गया। इस पुनीत कार्य में बुजुर्गों से लेकर मातृशक्ति और युवाओं तक ने सक्रिय भागीदारी निभाई। मैदान की विशालता को देखते हुए समिति ने निर्णय लिया है कि स्वच्छता का यह क्रम अनवरत जारी रहेगा, जिसके तहत शुक्रवार और शनिवार को भी सुबह 6:30 से 8:00 बजे तक शहरवासी और कार्यकर्ता श्रमदान करेंगे। आयोजन समिति की इस अनूठी पहल की मार्ग से गुजरने वाले नागरिकों ने मुक्त कंठ से सराहना की। इस अवसर पर विधायक कोठारी ने कहा कि सार्वजनिक स्थल के उपयोग के बाद उसे स्वच्छ रखना हमारा नैतिक दायित्व है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जब तक मेडिसिटी ग्राउंड पर चिकित्सा संस्थान का निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं होता, तब तक इसे खेल मैदान के रूप में विकसित कर उपयोग में लेने के प्रयास किए जाएंगे।

श्रमदान के पश्चात मैदान में ही विधायक अशोक कोठारी की अध्यक्षता एवं राधेश्याम सोमानी के मार्गदर्शन में एक फीडबैक बैठक आयोजित की गई। विधायक कोठारी ने भीलवाड़ा में भक्ति का नया इतिहास रचने वाली इस कथा की अभूतपूर्व सफलता का पूर्ण श्रेय कार्यकर्ताओं की निस्वार्थ सेवा और दिन-रात के कठिन परिश्रम को दिया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के समर्पित भाव के कारण ही लाखों भक्तों की उपस्थिति वाले इस विशाल आयोजन को सफलतापूर्वक संपन्न किया जा सका। बैठक में समिति के देवालाल गुर्जर, सत्यनारायण गुगड और बाबूलाल टांक ने भी विचार व्यक्त करते हुए महामंडलेश्वर बाबूगिरी महाराज के सानिध्य और विधायक कोठारी की टीम भावना को अनुकरणीय बताया। कार्यक्रम का संचालन पंडित अशोक व्यास ने किया। इस दौरान समिति के महासचिव कन्हैयालाल स्वर्णकार, सचिव रामेश्वरलाल ईनाणी, महिला प्रमुख मंजू पोखरना, हनुमानप्रसाद अग्रवाल, रामलाल योगी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने इस ऐतिहासिक आयोजन की स्मृतियों और भविष्य की योजनाओं पर मंथन किया।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story