भीलवाड़ा। राजमाता विजयाराजे सिंधिया मेडिकल कॉलेज के छात्रों के बीच उपजे आपसी विवाद ने शुक्रवार को उस समय गंभीर रूप ले लिया, जब कॉलेज परिसर से शुरू हुआ झगड़ा महात्मा गांधी अस्पताल तक जा पहुंचा। मामूली कहासुनी से शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते लात-घूंसों की मारपीट में बदल गया, जिससे अस्पताल परिसर में अफरातफरी मच गई और मरीजों व उनके परिजनों में दहशत फैल गई।

जानकारी के अनुसार, सांगानेर स्थित मेडिकल कॉलेज में एक आयोजन के दौरान छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ छात्रों को चोटें भी आईं। घटना के बाद दोनों पक्ष सुभाष नगर थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी कैलाश कुमार बिश्नोई ने बताया कि घायल छात्रों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

हालांकि मामला यहीं शांत नहीं हुआ। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और अस्पताल परिसर में दोबारा मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान वहां मौजूद लोगों ने घटना के वीडियो बना लिए, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौके पर भीमगंज थाना पुलिस पहुंची और हालात पर काबू पाया।

भीमगंज थाने के सहायक उप निरीक्षक शंभू लाल ने बताया कि अस्पताल परिसर में शांति भंग करने के आरोप में मेडिकल कॉलेज के दो छात्र दीपक और थान सिंह को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा मनीष के भाई धर्मपाल विश्नोई को भी हिरासत में लिया गया। बताया गया कि धर्मपाल विश्नोई अपने भाई मनीष से मिलने गांव से अस्पताल आया था, जो मारपीट में घायल हो गया था और उपचार के लिए उसे अस्पताल लाया गया था।

पुलिस कार्रवाई के बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया, जिसके चलते किसी भी पक्ष की ओर से औपचारिक मामला दर्ज नहीं कराया गया। हालांकि, इस घटना ने मेडिकल कॉलेज और अस्पताल परिसर जैसी संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा और अनुशासन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story