भीलवाड़ा। आरवीआरएस मेडिकल कॉलेज में नर्सिंग ग्रेड-II के निविदा कार्मिकों ने सेवा बहाली की मांग को लेकर आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। गुरुवार को कॉलेज परिसर के बाहर बड़ी संख्या में एकत्रित हुए कर्मियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन उग्र करने की चेतावनी दी।

प्रदर्शन कर रहे निविदा कर्मियों का कहना है कि वे लंबे समय से मेडिकल कॉलेज में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उन्होंने न्यायालय के आदेशों का हवाला देते हुए प्रशासन से बिना किसी देरी के न्यायालय के निर्देशों का पालन करने और उनकी सेवाएं पुनः बहाल करने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कर्मियों के हाथों में मांग पत्र और नारे लिखी तख्तियां थीं। उन्होंने एक स्वर में "कर्मचारी एकता जिंदाबाद" और "हमारी सेवा बहाल करो" के नारे लगाए। मौजूद कर्मियों ने कहा कि उनकी मांग जायज है और वे इसे लेकर किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं।

ज्ञापन सौंपने के बाद आक्रोशित कर्मियों ने स्पष्ट किया कि अब वे किसी भी प्रकार के आश्वासन से संतुष्ट नहीं होंगे। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से उन्हें काम पर वापस नहीं लिया, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

पूरे घटनाक्रम के दौरान मेडिकल कॉलेज परिसर में गहमागहमी का माहौल रहा। बता दें कि सेवा बहाली की मांग को लेकर ये निविदा कार्मिक पिछले तीन दिन से मेडिकल कॉलेज में धरने पर बैठे हैं। ऐसे में अब उनकी ओर से आंदोलन उग्र करने की चेतावनी के बाद प्रशासन के रुख पर नजर बनी हुई है।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story