भीलवाड़ा में अवैध एमडी ड्रग्स फैक्ट्री मामले में एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चौथे मुख्य सरगना और ₹25,000 के इनामी अपराधी प्रकाश आंजना को मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी मध्य प्रदेश के एक ढाबे पर अपने दोस्तों के साथ शराब पार्टी कर रहा था, इसी दौरान ANTF टीम ने दबिश देकर उसे पकड़ लिया।

महानिरीक्षक पुलिस (ANTF) विकास कुमार ने बताया कि बिजोलिया (भीलवाड़ा) के चम्पापुर गांव के जंगल में 16 जून को पकड़ी गई एमडी ड्रग्स फैक्ट्री मामले में फरार आरोपियों की तलाश लगातार की जा रही थी। जांच के दौरान टीम को सूचना मिली कि आरोपी प्रकाश आंजना शराब पीने का आदी है और मध्य प्रदेश में एक ढाबे पर अपने दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा है। सूचना के आधार पर ANTF टीम ने ढाबे की घेराबंदी की और दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के दौरान प्रकाश आंजना ने पुलिस को अपना फर्जी नाम ‘रामसिंह धाकड़’ बताकर गुमराह करने की कोशिश की। हालांकि, ANTF टीम पहले से आरोपी की पहचान और गतिविधियों की जानकारी जुटाकर पहुंची थी। कड़ाई से पूछताछ किए जाने पर उसने अपनी वास्तविक पहचान स्वीकार करते हुए बताया कि वही प्रकाश आंजना है।

आरोपित प्रकाश आंजना (37) पुत्र कंवरलाल आंजना मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले के नाहरगढ़ थाना क्षेत्र के माल्याखेर खेड़ा का रहने वाला है। जांच के अनुसार, शराब के ठेके में घाटा होने के बाद आरोपी सुखलाल ने भीलवाड़ा में एमडी फैक्ट्री शुरू की थी। मोटी कमाई के लालच में प्रकाश आंजना इस नेटवर्क से जुड़ा और कच्चे माल (रॉ मटेरियल) की सप्लाई करने लगा।

प्रकाश आंजना का मुख्य काम फैक्ट्री का सेटअप तैयार करना और सरगनाओं के बताए ठिकानों से कच्चा माल लाकर भीलवाड़ा पहुंचाना था। 16 जून को भीलवाड़ा के चम्पापुर गांव में भंवर बंजारा के मकान में चल रही अवैध फैक्ट्री से पुलिस ने करीब 36.550 किलोग्राम गीली व सूखी एमडी ड्रग्स, भारी मात्रा में केमिकल और उपकरण जब्त किए थे।

फैक्ट्री का पर्दाफाश होने के बाद प्रकाश आंजना ने अपना मोबाइल बंद कर लिया था और रिश्तेदारों तथा दोस्तों के ठिकानों पर फरारी काट रहा था। ANTF ने लगातार उसकी तलाश जारी रखी और मध्य प्रदेश के ढाबे पर पार्टी करने की सूचना मिलने के बाद कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

इससे पहले ANTF “ऑपरेशन मदारंभ”, “ऑपरेशन M- कैटबुआ” और “ऑपरेशन बबलमेमार” चलाकर सुखलाल, राहुल और भारतसिंह उर्फ पप्पू को पहले ही जेल की सलाखों के पीछे भेज चुकी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मामले में शामिल अन्य फरार अपराधियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story