अन्तरराष्ट्रीय मजदूर दिवस पर प्रचण्ड गर्मी के बावजूद मानव सेवा का अद्भुत उदाहरण सामने आया, जब भीलवाड़ा मजदूर संघ (टेक्सटाइल लेबर) द्वारा रीको फोर्थ फेज में आयोजित विशाल रक्तदान शिविर में श्रमिकों और युवाओं का उत्साह चरम पर दिखाई दिया। सुबह 9.15 बजे संकटमोचन हनुमान मंदिर के महामंडलेश्वर बाबूगिरीजी महाराज द्वारा राम दरबार की तस्वीर पर माल्यार्पण कर शिविर का शुभारंभ किया गया।

शिविर सुबह से ही उत्साहपूर्ण वातावरण में शुरू हुआ और शाम 7 बजे तक बिना रुके चलता रहा। रक्तदान के लिए सुबह से लगी कतारें समापन तक जारी रहीं। युवा से लेकर 55-60 वर्ष के प्रौढ़ श्रमिकों ने भी सक्रिय भागीदारी निभाई। कुल 668 यूनिट रक्तदान दर्ज किया गया। शिविर में रक्तदाताओं की सुविधा के लिए दो दर्जन से अधिक बेड लगाए गए तथा प्रत्येक बेड पर गर्मी से बचाव के लिए कूलर की व्यवस्था की गई।

रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करने पहुंचे विशिष्ट अतिथियों में पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, पूर्व मंत्री रामलाल जाट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, नगर निगम के पूर्व महापौर राकेश पाठक, नगर परिषद के पूर्व सभापति ओम नराणीवाल, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य आजाद शर्मा, श्रीराम मण्डल सेवा संस्थान के अध्यक्ष शांतिप्रकाश मोहता, राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष योगेन्द्रसिंह कटार, भाजपा के पूर्व महामंत्री राकेश ओझा, उद्योगपति पवन बेसवाल, तरूण दवे, अशोक खेराजानी, जुगल किशोर बागडोदिया, महेंद्र मेहता, रामनिवास जागेटिया, रमेश कोठारी, मुकेश अजमेरा, राजीव शर्मा, राधेश्याम सोमानी, राजू मेलाना सहित अनेक गणमान्यजन शामिल रहे। सभी अतिथियों का स्वागत मजदूर संघ के अध्यक्ष पन्नालाल चौधरी एवं पदाधिकारियों ने किया।

मजदूर संघ के उपाध्यक्ष नंदलाल माली ने बताया कि रक्त संग्रह के लिए महात्मा गांधी चिकित्सालय ब्लड बैंक, रामस्नेही चिकित्सालय ब्लड बैंक, अरिहन्त चिकित्सालय ब्लड बैंक, भीलवाड़ा ब्लड बैंक तथा पोरवाल ब्लड बैंक की टीमें शिविर में मौजूद रहीं। रक्तदान करने वालों में केन्द्र सरकार के वित्त विभाग जयपुर के नरसिंह प्रजापत, भीलवाड़ा श्रम विभाग के निरीक्षक आशीष यादव, पूर्व महापौर राकेश पाठक, मजदूर संघ के उपाध्यक्ष नंदलाल माली, लघु उद्योग भारती से महेश हुरकट, संजीव चिरानिया, ललित पोरवाल, उद्योगपति राजू पोरवाल सहित कई प्रमुख लोग शामिल रहे।

शिविर में मोहन चौधरी जैसे नियमित रक्तदाता भी रहे, जिन्होंने 22वीं बार रक्तदान किया। वहीं पहली बार रक्तदान करने वाले युवा धमेंद्र प्रजापत और महिला रक्तदाता पूजा माली ने भी सहभागिता निभाई। रक्तदाताओं के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं मजदूर संघ द्वारा सुनिश्चित की गईं।

इस अवसर पर नेत्र जांच शिविर का भी आयोजन किया गया, जिसमें रामस्नेही चिकित्सालय की नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रतिष्ठा छीपा एवं उनकी टीम ने जांच कर परामर्श दिया। साथ ही श्रम विभाग की टीम ने मौके पर उपस्थित रहकर श्रमिकों के ई-श्रमिक कार्ड बनाने का कार्य भी किया।

शिविर को सफल बनाने में मजदूर संघ के सचिव विक्रम सिंह, सह सचिव राजूराम जाट, कोषाध्यक्ष सुखराम प्रजापत, कार्यकारिणी सदस्य भंवरलाल सारण, दिनेशकुमार पाराशर, गजेन्द्रसिंह, रामेश्वर कुमावत, भंवरलाल मंडा, रामलाल गाडरी, देवीलाल गाडरी, उदय सिंह, सोहनलाल शर्मा, शंकरलाल विश्नोई, सोहनलाल माली, हीरालाल माली, नारायण तेली, श्यामलाल माली, राधेश्याम माली, देवीलाल सांखला, धन्नालाल माली, डालचंद माली, सुरेश दुबे, शोभालाल शर्मा, सोहनसिंह, प्यारेलाल चौधरी सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय योगदान दिया।

भीलवाड़ा मजदूर संघ (टेक्सटाइल लेबर) द्वारा मजदूर दिवस पर पिछले 16 वर्षों से रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। कोरोना काल में दो वर्षों का अंतर रहा, लेकिन इस वर्ष 14वें शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर के प्रति श्रमिकों में विशेष उत्साह रहता है और कई श्रमिक हर वर्ष नियमित रूप से रक्तदान करते हैं। यह आयोजन न केवल सामाजिक जिम्मेदारी का उदाहरण है, बल्कि श्रमिक वर्ग की सेवा भावना और जीवन बचाने के संकल्प को भी सशक्त रूप से प्रस्तुत करता है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story