भीलवाड़ा में छठ महापर्व की तैयारियों के बीच नगर निगम की नवनिर्वाचित महापौर जसवंत कंवर ने छठ पूजा सेवा समिति वॉटर वर्क के आवाहन पर छठ घाट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपमहापौर राधेश्याम सोमानी सहित कई पार्षद और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। महापौर ने छठ पूजा समितियों को नगर निगम की ओर से हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया।

भीलवाड़ा में पिछले कई वर्षों से लोक आस्था का महापर्व छठ मनाया जा रहा है। इस वर्ष 13 नवंबर से 16 नवंबर तक चार दिवसीय छठ महापर्व का आयोजन होगा। दीपावली के बाद देशभर में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहने वाला यह पर्व भारतीय संस्कृति की परंपरागत धार्मिक पद्धति के अनुसार मनाया जाता है। इस दौरान चार दिनों तक देवी छठी मैया की पूजा-अर्चना की जाती है। पर्व में स्वच्छता और सफाई का विशेष महत्व होने के कारण छठ घाटों की साफ-सफाई को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी माना जाता है।

छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ होगी। इस दिन व्रती छठ पूजा में उपयोग होने वाली सामग्री, जैसे डाला, सूप, पांच प्रकार के प्राकृतिक फल, ईख, गुड़ और अन्य प्राकृतिक सामग्रियां एकत्रित करते हैं। इसके बाद शुद्ध और सात्विक भोजन ग्रहण कर पर्व की शुरुआत की जाती है।

14 नवंबर को खरना का आयोजन होगा। इस दिन गुड़ और चावल की खीर तैयार कर पूजा-अर्चना के बाद घर के सभी सदस्य प्रसाद ग्रहण करेंगे। इसके बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू करेंगे। 15 नवंबर को व्रती अपने परिवारजनों के साथ निकटतम जलाशय अथवा नदी पर पहुंचकर डूबते हुए सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके अगले दिन 16 नवंबर को उसी स्थान पर पहुंचकर उगते हुए सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया जाएगा। इसके साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन होगा।

छठ महापर्व के अवसर पर सभी छठ पूजा समितियों एवं पूर्वांचल जन चेतना समिति ट्रस्ट के संयुक्त प्रावधान में दो दिवसीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। इसके तहत 14 नवंबर को मानसरोवर झील पर भोजपुरी, मैथिली और मगही लोक संगीत एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। वहीं, 15 नवंबर को लेबर कॉलोनी स्थित श्रम कल्याण केंद्र के प्रांगण में भोजपुरी लोक संगीत और देवी-देवताओं के नाट्य रूपांतरण का भव्य आयोजन किया जाएगा। इन कार्यक्रमों में क्षेत्र के सभी निवासियों को आमंत्रित किया गया है।

निरीक्षण के दौरान महापौर जसवंत कंवर, उपमहापौर राधेश्याम सोमानी, पार्षद महेंद्र सिंह, हिमांशु शर्मा, मिथलेश देवी चंदेल, नरेंद्र तिवाड़ी, कमलेश सुवालका, पार्षद प्रतिनिधि थान सिंह, गौरव टाक, अशोक विश्नोई और गजेन्द्र सिंह सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

इस अवसर पर महापौर जसवंत कंवर ने विभाग की ओर से सभी तरह का सहयोग उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि छठ पूजा समितियों को जिस भी प्रकार की आवश्यकता हो, वे अगले दिन नगर निगम कार्यालय पहुंचकर अपनी जरूरत बता सकती हैं। नगर निगम प्रशासन इस आयोजन में सभी छठ पूजा समितियों के साथ है।

छठ पूजा सेवा समिति वॉटर वर्क की ओर से अध्यक्ष दिनेश साहनी, सचिव बबलू सिंह, सदस्य गौरव शाह, अशोक सिंह, राजन जी, विक्रम साहनी और चंद्रशेखर सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे। समिति के सदस्यों ने आयोजन में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की शपथ दोहराई। महापर्व से पहले महापौर के निरीक्षण और नगर निगम के सहयोग के आश्वासन से छठ घाट की व्यवस्थाओं तथा आयोजन की तैयारियों को लेकर समितियों की सक्रियता सामने आई है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story