भीलवाड़ा: मंसूरी ब्रदर्स के सामूहिक विवाह सम्मेलन में 12 जोड़ों का निकाह संपन्न
कार्यक्रम के मुख्य आयोजनकर्ता हाजी मोहम्मद उमर मंसूरी के नेतृत्व में अब तक 324 जोड़ों का निःशुल्क निकाह संपन्न कराया जा चुका है।

भीलवाड़ा के गुल अली बाबा परिसर में आयोजित 13वें निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन के दौरान नव-दंपति और आयोजन समिति के सदस्य।
भीलवाड़ा। सामाजिक सरोकार और सेवा की अनूठी मिसाल पेश करते हुए मंसूरी ब्रदर्स द्वारा भीलवाड़ा के गुल अली बाबा परिसर में 13वां निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन अत्यंत भव्यता और हर्षाेल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस गरिमामय आयोजन में 12 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, जिन्होंने एक साथ जीवन की नई शुरुआत की।
समारोह के मुख्य आयोजनकर्ता हाजी मोहम्मद उमर मंसूरी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर परिषद के पूर्व नेता प्रतिपक्ष अब्दुल सलाम मंसूरी ने की। हाजी इमामुद्दीन मंसूरी ने जानकारी दी कि कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मस्जिदों के इमामों द्वारा प्रातःकाल में ही पूर्ण मजहबी रस्मों-रिवाज और कायदे के साथ निकाह पढ़ाया गया। हाजी मोहम्मद उमर मंसूरी ने इस सफल आयोजन के साथ अब तक कुल 324 जोड़ों का निकाह निःशुल्क संपन्न करवाकर समाज सेवा का एक ऐतिहासिक कीर्तिमान स्थापित किया है।
सम्मेलन के कन्वीनर अब्दुल रशीद पठान ने बताया कि मंसूरी ब्रदर्स की ओर से विवाह की गरिमा और नव-दंपतियों के आर्थिक संबल के लिए प्रत्येक वधू को 15,000 रुपये की नकद राशि उपहार स्वरूप भेंट की गई। निकाह की रस्मों के उपरांत भावुक रुखसती से पूर्व मुख्य मंच पर सभी दूल्हा और दुल्हन के पिताओं का साफा बांधकर विशेष सम्मान किया गया, जो इस आयोजन का एक मार्मिक क्षण रहा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर समाज के कई वरिष्ठ और गणमान्य व्यक्ति साक्षी बने। कार्यक्रम में हाजी अहमद चांदेंड, शकील गौरी, सोहराब मंसूरी, मुस्ताक अली मंसूरी (बबराना), हाजी अहमद गौरी, अली मंसूरी और अल्ताफ गोरी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सोहराब मंसूरी ने आगामी कार्ययोजना की घोषणा करते हुए बताया कि मंसूरी ब्रदर्स का 14वां निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन आगामी 26 जुलाई 2026, रविवार को आयोजित किया जाएगा। यह निरंतर जारी रहने वाला सेवा का संकल्प समाज के जरूरतमंद परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा साबित हो रहा है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
