भीलवाड़ा: मांडलगढ़ के गेणोली में 2 घरों से चोरी, गहने व नकदी पार
वारदात के समय घरों में सो रहे थे परिजन, ग्रामीणों को मिली संदिग्ध बाइक के आधार पर पुलिस कर रही बदमाशों की तलाश।

भीलवाड़ा जिले के मांडलगढ़ थाना क्षेत्र स्थित गेणोली गांव में बीती देर रात चोरों ने एक ही रात में दो मकानों को निशाना बनाकर सोने-चांदी के गहने, नकदी और बाइक चोरी कर ली। वारदात के दौरान परिवार के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। चोर एक मकान से गृहस्वामी की बाइक ले गए, जबकि दूसरे मकान से 3 हजार रुपये नकद समेत चांदी के आभूषण चोरी किए। वारदात के बाद ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गेणोली गांव निवासी धर्मराज पुत्र रामप्रसाद माली के घर बीती रात करीब तीन से चार बजे के बीच चोरों ने धावा बोला। उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे। बदमाश घर से सोने की रामनामी, मांदलिया, चांदी की पायजेब और गृहस्वामी की बाइक चुरा ले गए।
इसके बाद चोरों ने इसी गांव में गोपाल पुत्र रमेशचंद्र खटीक के मकान को निशाना बनाया। यहां से बदमाश चांदी की तीन से चार जोड़ी पायजेब, चांदी की चेन, कड़ूलिए और 3 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए।
सुबह परिजनों की नींद खुलने पर घर का सामान बिखरा मिला तो उनके होश उड़ गए। चोरी की सूचना पूरे गांव में फैलते ही ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर गांव में छानबीन की तो एक लावारिस बाइक मिली। अंदेशा जताया जा रहा है कि बदमाश वारदात के दौरान यह बाइक मौके पर छोड़ गए। संभवतः यह बाइक भी किसी अन्य जगह से चुराई गई होगी।
घटना की सूचना मिलने पर मांडलगढ़ थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर संदिग्ध बाइक को कब्जे में ले लिया है। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस जुटी हुई है। एक ही रात में दो घरों में हुई चोरी की इस वारदात से गेणोली गांव में दहशत और रोष का माहौल है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
