भीलवाड़ा जिले के मांडल थाना क्षेत्र के सुरास गांव में दो बच्चों की मां की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका पिछले 19 मई से कोमा में थी और उदयपुर के एक अस्पताल में उसका उपचार चल रहा था। उपचार के दौरान मौत होने के बाद मृतका की मां ने अपने दामाद पर बेरहमी से मारपीट कर हत्या करने का आरोप लगाते हुए मांडल थाना पुलिस को लिखित रिपोर्ट सौंपी है।

मांडल थाने के सहायक उप निरीक्षक कैलाशचंद्र धाभाई ने बताया कि यूआईटी कॉलोनी, शास्त्रीनगर निवासी रमेश ओड की बेटी पिंकी ओड (28) का विवाह करीब दस साल पहले सुरास निवासी शांतिलाल ओड के साथ हुआ था। बीती 19 मई को पिंकी की अपनी ससुराल सुरास में संदिग्ध परिस्थितियों में तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उदयपुर के अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। पिंकी 19 मई से लगातार कोमा में थी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

पिंकी की मौत के बाद उसकी मां कमला पत्नी रमेश ओड ने उदयपुर अस्पताल पहुंची मांडल पुलिस के समक्ष रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि उसके दामाद शांतिलाल ने पिंकी के साथ गंभीर मारपीट की थी। मारपीट के कारण उसके सिर और आंखों पर गंभीर चोटें आईं तथा सूजन हो गई थी। मां का आरोप है कि इसी प्रताड़ना और मारपीट के चलते उसकी बेटी की जान गई।

सूचना मिलने पर पुलिस उदयपुर अस्पताल पहुंची और मेडिकल बोर्ड से मृतका के शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मांडल थाना पुलिस ने मृतका की मां की रिपोर्ट के आधार पर पति शांतिलाल ओड के खिलाफ हत्या के आरोपों की गहनता से जांच शुरू कर दी है। मामले को लेकर क्षेत्र में भी चर्चा बनी हुई है।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story