भीलवाड़ा: मांडल थाने से जब्त जेसीबी बदलने का एक और आरोपित गिरफ्तार
मांडल पुलिस ने फर्जी कागजात तैयार करने के षड्यंत्र में शामिल ओमप्रकाश जाट को पकड़ा, जिले में पशु चोरी और सड़क हादसे में मौत की अन्य घटनाएं भी आईं सामने।

भीलवाड़ा जिले के मांडल थाने से जप्त नई जेसीबी मशीन की चोरी और उसे बदलने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। डीएसपी राहुल जोशी ने बताया कि 8-9 सितंबर 2025 की रात मांडाल थाने के बाहर जप्त की गई नई जेसीबी मशीन खड़ी थी, जिसे चोरों ने शातिर तरीके से बदल दिया।
- सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, 8-9 सितंबर की दरमियानी रात थाना परिसर से जेसीबी ले जाने का खुलासा हुआ।
- इस मामले के सामने आने पर एसएचओ द्वारा एफआईआर दर्ज कराई गई।
- डीएसपी जोशी ने बताया कि इस मामले में जेसीबी के फर्जी कागजात तैयार करने के षड्यंत्र में शामिल ओमप्रकाश जाट को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पशु चोरी: तीन भैंसें व एक बछड़ा चुराने वाले चार आरोपित गिरफ्तार
जिले के हरीपुरा गांव से तीन भैंस व एक बछड़ा चुराने के मामले में गंगापुर पुलिस ने चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस चोरी किये पशुओं की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हरीपुरा निवासी रोशन पुत्र जयसिंह जाट के बाड़े से एक भैंस व एक बछड़ा, जबकि देबीलाल पुत्र छोगा जाट के बाड़े से दो भैंसे चोर 21 जनवरी की रात को चोरी कर पिकअप में भरकर ले गये थे। इसे लेकर गंगापुर थाने में प्रकरण दर्ज करवाया गया। चोरी का खुलासा करने के लिए टीम गठित की, जिसमें डीएसटी व साइबर टीम को भी गंगापुर पुलिस के साथ शामिल किया गया। इस टीम ने गुरुवार को निम्नलिखित आरोपितों को गिरफ्तार किया:
- हीरा उर्फ बबलु (19) पुत्र नगजीराम सालवी, निवासी कोशिथल
- शैतान (23) पुत्र गोमाराम बंजारा, निवासी कालाभाटा
- कालू उर्फ अनमोल (19) पुत्र बिहारीलाल बंजारा, निवासी मांडया मंगरी, कांगणी
- नानालाल उर्फ नैना (25) पुत्र मांगीलाल बंजारा, निवासी बंजाराबस्ती, कालाभाटा
पुलिस अब आरोपितों से पूछताछ कर चोरी किये पशुओं की बरामदगी व वारदात में काम ली गई पिकअप की बरामदगी के प्रयास कर रही है।
खोखरा गांव: घर से अलमारी उठाकर ले गए चोर, खेत में मिली खाली
जिले में चोरों की चहल-कदमी थमती नजर नहीं आ रही है। एक के बाद एक चोर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ऐसी ही एक वारदात जिले के खोखरा गांव के एक मकान में हुई, जहां से चोर अलमारी उठा ले गये, जिसे गहने चोरी करने के बाद खेत में पटक गये। वारदात से गांव में दहशत है।
मांडलगढ़ पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार:
- खोखरा निवासी शिवलाल गुर्जर के परिवार में एक बुजुर्ग महिला की मौत हो जाने से परिवार के सदस्य दिनभर अंत्येष्टी सहित अन्य कामों में व्यस्त थे।
- रात को 12 बजे परिवार घर जाकर सो गया। करीब एक घंटे बाद जब शिवलाल दूसरे कमरे में गया तो उसे वहां अलमारी नहीं मिली।
- यह अलमारी रात 12 से एक बजे के बीच चोर चुरा ले गये।
- घर से करीब एक किलोमीटर दूर खेत में यह अलमारी मिल गई, जिसमें रखे 500 से 700 ग्राम चांदी के पायजैब व कड़े तथा लेडिज व जेंट्स के दस से पन्द्रह जोड़ी नये कपड़े गायब मिले।
चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और वारदातस्थल का जायजा और पीडि़त परिवार से जानकारी लेकर चोरों की तलाश शुरु कर दी। पुलिस ने शिव लाल की रिपोर्ट पर केस दर्ज कर जांच शुरु कर दी।
सड़क दुर्घटना: पिकअप की टक्कर से घायल युवक ने उपचार के दौरान दम तोड़ा
चित्तौडग़ढ़ हाइवे पर चार दिन पहले पिकअप की टक्कर से घायल युवक की मौत हो गई। हमीरगढ़ थाने के एएसआई हनुमान प्रसाद ने बताया कि "सायला निवासी घनश्याम गाडरी 8 फरवरी की शाम सात बजे बाइक से घर से फैक्ट्री के लिए निकला था।"
हाइवे पर संगम डेनियम फैक्ट्री के पास पीछे से आई एक तेज रफ्तार पिकअप ने घनश्याम को चपेट में ले लिया। हादसे में घनश्याम को गंभीर चोटें आई, उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां से उसे रैफर कर दिया गया। परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल ले गये, जहां उसका उपचार किया जा रहा था। घनश्याम ने गुरुवार को उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के बड़े भाई सांवरमल पुत्र बद्रीलाल गाडरी की रिपोर्ट पर पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara
नाम: राजेश तोषनीवाल
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस
परिचय
राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।
पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)
राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।
- वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
- इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
- स्नातक (Graduate)
- डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)
