भीलवाड़ा-मांडल हाईवे पर तेज रफ्तार वाहन ने भेड़ों को कुचला, 11 की मौत से हड़कंप
भीलवाड़ा-मांडल नेशनल हाईवे-158 पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने भेड़ों के झुंड को कुचल दिया, जिसमें 11 भेड़ों की मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे जाम रहा और पुलिस ने सीसीटीवी जांच शुरू की।

तस्वीर में मांडल नेशनल हाईवे पर सड़क दुर्घटना के बाद गिरी हुई भेड़ दिखाई दे रही है।
भीलवाड़ा-मांडल नेशनल हाईवे-158 पर रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जिसमें तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने सड़क पार कर रहे भेड़ों के झुंड को कुचल दिया। हादसे में 11 भेड़ों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक भेड़ें गंभीर रूप से घायल हो गईं। टक्कर इतनी भीषण थी कि हाईवे पर चारों ओर खून फैल गया। घटना के बाद आरोपी वाहन चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात एक पशुपालक अपनी भेड़ों के झुंड को लेकर हाईवे पार करा रहा था। इसी दौरान मांडल थाना क्षेत्र में एक अज्ञात वाहन तेज गति और लापरवाही से चलाते हुए भेड़ों के झुंड को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के कारण पीड़ित पशुपालक किसान को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।
घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब डेढ़ घंटे की देरी से घटनास्थल पर पहुंची, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गई।
हादसे और ग्रामीणों के आक्रोश के चलते नेशनल हाईवे-158 पर करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। हाईवे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। बाद में स्थानीय ग्रामीणों ने खुद पहल करते हुए मृत और घायल भेड़ों को सड़क से हटाया, जिसके बाद जाम खुला और यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
देर से पहुंची मांडल थाना पुलिस ने घटनास्थल का मौका-मुआयना किया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अज्ञात वाहन और उसके चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी गई है। आरोपी चालक की पहचान के लिए हाईवे और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि वाहन की पहचान होते ही आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस अज्ञात वाहन चालक तक पहुंचने के लिए जांच में जुटी हुई है।

Anshul Toshniwal, Bhilwara
नाम: अंशुल तोषनीवाल
वर्तमान पद: रिपोर्टर
कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)
बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)
अनुभव: 6 माह
परिचय
अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।
