जिले के मांडल थाना क्षेत्र के सोदानपुरा गांव में सोमवार बड़े तड़के एक ऐसी दुस्साहसिक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। शातिर लुटेरे एक 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को उनके घर के बरामदे से उठाकर करीब 50 मीटर दूर सुनसान आम रास्ते पर ले गए और वहां लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश महिला के पहने हुए चांदी के कड़े और घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात सहित नकदी लूटकर मौके से फरार हो गए। भीलवाड़ा जिले में इस तरह की यह दूसरी वारदात है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल व्याप्त हो गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह वारदात उस वक्त घटित हुई जब सोदानपुरा निवासी चांदी बाई योगी (65) अपने घर के बरामदे में अकेली सो रही थीं। चांदी बाई बेवा हैं और उनकी दोनों बेटियों की शादी हो चुकी है, जिसके कारण वह इस मकान में अकेली ही जीवन-यापन करती हैं। सोमवार तड़के करीब चार बदमाश लूट की नीयत से उनके घर के भीतर दाखिल हुए। बदमाशों ने वहां सो रही बुजुर्ग महिला को उठाया और जबरन घर से 50 मीटर दूर आम रास्ते पर ले गए ताकि महिला के चिल्लाने पर कोई ग्रामीण जाग न जाए।

रास्ते पर ले जाने के बाद बदमाशों ने चांदी बाई के पैरों में पहनी हुई करीब 500 ग्राम वजन की चांदी की कड़ियां (कड़े) जबरन खोल लीं। इसके बाद बदमाश वापस उनके घर के कमरों में घुसे और वहां अलमारी की तलाशी लेते हुए उसमें रखे सोने का एक मांदलिया, चांदी की चेन और ₹500 की नकदी चुराकर मौके से रफूचक्कर हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद लुटेरे बुजुर्ग महिला को रास्ते पर ही असहाय हालत में छोड़कर भाग गए थे। सुबह जब ग्रामीणों की चहल-कदमी शुरू हुई, तब जाकर इस पूरी वारदात का पता चला।

ग्रामीणों ने तुरंत मांडल थाना पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस ने पीड़ित महिला और ग्रामीणों से पूछताछ कर हुलिए के आधार पर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। इसके साथ ही गांव के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

गौरतलब है कि इसी साल फरवरी महीने में जिले के फूलियाकलां थाना इलाके के कोठिया गांव में भी ऐसी ही एक खौफनाक वारदात सामने आई थी। वहां बदमाश 88 वर्षीय बुजुर्ग महिला मांगीदेवी माली को रात के समय पलंग सहित उठाकर 300 मीटर दूर खेत में ले गए थे। हालांकि, उस वारदात में बदमाश लूट करने में सफल नहीं हो पाए थे। फूलियाकलां थाने में मामला दर्ज होने के बावजूद पुलिस अब तक उन बदमाशों का सुराग नहीं लगा पाई है, और अब मांडल क्षेत्र में हुई इस दूसरी वारदात ने पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

Rajesh Toshniwal, Bhilwara

नाम: राजेश तोषनीवाल

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (भीलवाड़ा)

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): राजनीति, क्राइम, प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिज़नेस

परिचय 

राजेश तोषनीवाल राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के वरिष्ठ पत्रकार और ब्यूरो चीफ हैं। वह राजनीति, अपराध (क्राइम), स्थानीय प्रशासन, शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक गतिविधियों (बिज़नेस) सहित सभी मुख्य विषयों पर नियमित रिपोर्टिंग करते हैं। मौके पर पहुंचकर सक्रियता से ग्राउंड रिपोर्टिंग करना उनकी मुख्य विशेषता है।

पत्रकारिता का अनुभव (Work Experience)

राजेश तोषनीवाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में कुल 44 वर्षों का व्यापक अनुभव है।

  • वह पिछले 35 वर्षों से अधिक समय से 'प्रातःकाल' समाचार पत्र से निरंतर जुड़े हुए हैं।
  • इससे पूर्व उन्होंने 'दैनिक जागरण', 'नवभारत टाइम्स' सहित कई अन्य लोकल एवं राज्यस्तरीय मीडिया संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

  • स्नातक (Graduate)
  • डिप्लोमा इन जर्नलिज्म (Diploma in Journalism)

Next Story