भीलवाड़ा। मांडल उप चिकित्सालय में पिछले चार वर्षों से सेवाएं दे रहे अस्पताल प्रभारी डॉ. सुरेश गजराज, उनकी पत्नी डॉ. शालिनी मौर्य और उनके दो बच्चों स्वपनिल व निलिशा की बारां जिले के कवाई-अटरू हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। चारों की मौत की खबर भीलवाड़ा और मांडल पहुंचते ही चिकित्सा जगत और स्थानीय निवासियों में शोक की लहर दौड़ गई।

कवाई पुलिस के अनुसार, मूल रूप से झुंझुनूं के सूरजगढ़ निवासी और वर्तमान में जयपुर रह रहे डॉ. सुरेश तथा उनकी पत्नी डॉ. शालिनी 19 सितंबर को अपने साले के बच्चे के जन्मदिन समारोह में शामिल होने बारां गए थे। मंगलवार सुबह परिवार कार से जयपुर लौट रहा था। इसी दौरान कवाई थाना क्षेत्र में पेट्रोल पंप के पास उनकी कार की एक अनियंत्रित बलकर से सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई।

हादसा इतना भीषण था कि कार का एक हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और डॉक्टर दंपती कार के भीतर बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची कवाई थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकाला और अटरू चिकित्सालय पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद डॉक्टर दंपती और उनके दोनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया।

डॉ. सुरेश गजराज और डॉ. शालिनी मौर्य पिछले चार वर्षों से मांडल उप चिकित्सालय में सेवाएं दे रहे थे। डॉ. सुरेश अस्पताल प्रभारी के रूप में अपनी कर्तव्यनिष्ठा और सौम्य व्यवहार के लिए जाने जाते थे। उनके निधन की सूचना मांडल अस्पताल पहुंचने के बाद परिसर में सन्नाटा छा गया। साथ काम करने वाले चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और मरीज स्तब्ध रह गए तथा अस्पताल परिसर में शोक का माहौल बन गया।

पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना देकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस हादसे में भीलवाड़ा जिले के चिकित्सा क्षेत्र ने दो चिकित्सकों को खो दिया, वहीं डॉ. सुरेश गजराज, डॉ. शालिनी मौर्य और उनके दोनों बच्चों के निधन से एक परिवार भी हमेशा के लिए बिखर गया।

Anshul Toshniwal, Bhilwara

Anshul Toshniwal, Bhilwara

नाम: अंशुल तोषनीवाल

वर्तमान पद: रिपोर्टर

कार्यक्षेत्र: भीलवाड़ा जिला (राजस्थान)

बीट (मुख्य विषय): सभी प्रकार के समाचार (General Reporting)

अनुभव: 6 माह

परिचय 

अंशुल तोषनीवाल भीलवाड़ा जिले से न्यूज़ वेबसाइट के लिए रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। वह भीलवाड़ा जिले और उसके अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों की स्थानीय घटनाओं, प्रशासनिक गतिविधियों, क्राइम, राजनीति और जनहित से जुड़ी सभी प्रकार की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

अंशुल तोषनीवाल शैक्षणिक रूप से इंजीनियर (Engineer) हैं। उनकी तकनीकी और विश्लेषणात्मक पृष्ठभूमि उन्हें खबरों को सटीकता से समझने और प्रस्तुत करने में मदद करती है।

Next Story