भीलवाड़ा। वस्त्र नगरी भीलवाड़ा की धरा पर मानवता और सेवा की एक ऐसी अनूठी इबारत लिखी जा रही है, जिसने न केवल स्थानीय लोगों बल्कि बॉलीवुड की दिग्गज हस्तियों का दिल भी जीत लिया है। शनिवार, 10 जनवरी 2026 को बॉलीवुड की सुप्रसिद्ध अभिनेत्री श्रीमती मंदाकिनी ने अपने भीलवाड़ा प्रवास के दौरान गजाधर मानसिंहका धर्मशाला में संचालित ‘स्वाभिमान भोज रसोई’ का अवलोकन किया। मात्र ₹1 में परोसे जा रहे भरपेट और सम्मानजनक भोजन की इस व्यवस्था को देखकर अभिनेत्री की आंखें नम हो गईं और उन्होंने इस पहल को देश के लिए एक मिसाल करार दिया।

मंदाकिनी ने रसोई की व्यवस्थाओं और वहां भोजन कर रहे लोगों के संतोष को देखकर कहा कि वर्तमान दौर में जहाँ महंगाई चरम पर है, वहां महज ₹1 जैसी प्रतीकात्मक राशि में गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना केवल समाज सेवा नहीं, बल्कि मनुष्य के आत्म-सम्मान की रक्षा है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि देश के किसी भी कोने में इतनी न्यूनतम राशि में ऐसी उच्च स्तरीय सुविधा दुर्लभ है और इस तरह के पुनीत कार्य केवल भीलवाड़ा के भामाशाहों के बड़े दिल और दूरगामी सोच से ही संभव हैं।

इस गरिमामयी अवसर पर जवाहर फाउंडेशन के प्रभारी एवं एलएनजे ग्रुप के ओएसडी श्री रजनीश वर्मा ने अभिनेत्री का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने फाउंडेशन द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि किस तरह उद्योगपति एवं समाजसेवी श्री रिजु झुनझुनवाला के विजन ने इस सेवा प्रकल्प को जीवंत बनाया है। कार्यक्रम में एक विशेष पल तब आया जब श्री रिजु झुनझुनवाला के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर केक काटकर उनके दीर्घायु होने की कामना की गई। गजाधर मानसिंहका धर्मशाला के संचालक ट्रस्टी श्री जगदीश मानसिंहका ने अपने साथियों के साथ अभिनेत्री का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

आयोजन में भीलवाड़ा की कई प्रमुख हस्तियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई, जिनमें यूनेस्को के स्टेट कोऑर्डिनेटर गोपाल माली, भाजपा कोषाध्यक्ष ललित अग्रवाल, युवा नेता ओम मल्होत्रा और आरएसडब्ल्यूएम के सीएसआर मैनेजर वैभव जोशी शामिल थे। साथ ही विशिष्ट अतिथि के रूप में टीयूवी राईनलैंड के लोकेंद्र पंड्या, लायंस क्लब टेक्सटाइल सिटी के सहयोगी प्रकाश जोशी, राकेश मानसिंहका, मोहम्मद हारून रंगरेज, मधु लोढ़ा और पूर्वांचल समिति की सदस्य शिल्पी सिंह, रामवती, राज ऋषि सुनील झा, सत्यम झा एवं दीपिका मेहरा ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

रसोई संचालिका रजिया बानो के कुशल प्रबंधन और वॉलीबॉल के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ज्ञानमल खटीक सहित उपस्थित समस्त गणमान्य नागरिकों ने इस पहल की सराहना की। कार्यक्रम के समापन पर वक्ताओं ने एक स्वर में कहा कि ‘स्वाभिमान भोज’ जैसे प्रकल्प समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए संबल हैं। यह आयोजन न केवल एक भोजन व्यवस्था का प्रदर्शन था, बल्कि यह भीलवाड़ा की उस सामूहिक इच्छाशक्ति का प्रतीक बना, जो नर सेवा को ही नारायण सेवा मानती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story